
भिलाई में फैला पीलिया (photo source- Patrika)
Jaundice in Bhilai: भिलाई के सेक्टर-7 क्षेत्र में पीलिया के मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। खासतौर पर सड़क 37-38 के आसपास रहने वाले करीब 145 घरों के लोगों में यह संक्रमण फैलता नजर आ रहा है, जहां कई बच्चे इसकी चपेट में आ चुके हैं। बच्चों के चेहरे और आंखों में पीलापन साफ दिखाई दे रहा है, जिससे इलाके में डर और बेचैनी का माहौल है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को क्षेत्र में सर्वे कर 15 नए मरीजों की पहचान की है। इनमें दो बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं कुछ मरीजों को इलाज के बाद छुट्टी भी दी गई है, जबकि चार बच्चों का उपचार अभी जारी है।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. सीबीएस बंजारे के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम ने प्रभावित इलाके के 110 घरों का निरीक्षण किया। इस दौरान बच्चों और बड़ों की जांच की गई। साथ ही तीन घरों से पानी के नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं, ताकि संक्रमण के कारणों का पता लगाया जा सके।
बीएसपी प्रबंधन और नगर निगम की टीम ने भी इलाके से पानी के सैंपल लिए हैं। प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि पाइपलाइन में गंदे पानी की मिलावट के कारण संक्रमण फैला हो सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में पुरानी और गटर में डूबी पाइपलाइन को हटाकर नई लाइन डालने का काम शुरू कर दिया गया है।
संक्रमण को देखते हुए प्रशासन ने प्रभावित इलाके में टैंकर के जरिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की है, ताकि लोगों को सुरक्षित पानी मिल सके। साथ ही लोगों से उबला हुआ पानी पीने, बाहर का खाना न खाने और साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की जा रही है। लक्षण दिखने पर तुरंत अस्पताल में जांच कराने की सलाह भी दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अब तक 25 से अधिक बच्चे पीलिया से संक्रमित हो चुके हैं। डॉक्टरों का कहना है कि यह बीमारी आमतौर पर दूषित पानी और भोजन से फैलती है, जिसके लक्षण कुछ दिनों बाद दिखाई देते हैं। फिलहाल प्रशासन का दावा है कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन लगातार निगरानी और जांच जारी है ताकि संक्रमण को और फैलने से रोका जा सके।
Updated on:
11 Apr 2026 03:44 pm
Published on:
11 Apr 2026 03:43 pm
बड़ी खबरें
View Allभिलाई
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
