
दाक्षी साहू@भिलाई. महिला एवं बाल विकास मंत्री, रमशीला साहू के गृह जिले में शौचालय में चल रहे आंगनबाड़ी केंद्र की सुध आखिरकार अधिकारियों ने ले ही ली। पत्रिका में खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग के डॉयरेक्टर राजेश सिंह राणा ने सख्त तेवर दिखाते हुए जवाबदारों की जमकर क्लास ली। रातों-रात आंगनबाड़ी को नवीन प्राथमिक शाला परिसर में शिफ्ट किया गया।
शौचालय से स्कूल में शिफ्ट किए गए भिलाई के वार्ड 12, कांट्रेक्टर कॉलोनी के आंगनबाड़ी केंद्र का मुआयना करने रायपुर से खुद डॉयरेक्टर आए। उन्होंने लगभग डेढ़ घंटे केंद्र में तीन से छह साल के 30 बच्चों से बातचीत की। वहीं इस अमानवीय कृत्य के लिए जवाबदार जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी को नोटिस थमाया। साथ ही इस तरह की गलती दोबार नहीं दोहराए जाने की हिदायत दी है।
किराए से भवन नहीं मिलने का दिया था हवाला
शहर में किराए का भवन नहीं मिलने का हवाला देकर कांट्रेक्टर कॉलोनी-२ के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक २१ को सार्वजनिक शौचालय में विगत एक महीने से चलाया जा रहा था। जिस पर जिला महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को कोई आपत्ति नहीं थी।
शौचालय की गंदगी और सड़ांध भरी बदबू के बीच 30 बच्चों की सेहत से बड़ा खिलवाड़ किया जा रहा था। जिसे गंभीरता से लेते हुए पत्रिका ने खबर प्रकाशित किया। मानवीय संवेदना को तार-तार करने वाले कृत्य के खिलाफ आवाज बुलंद की। सामाजिक सरोकार की अहम जिम्मेदारी निभाते हुए आखिरकार आंगनबाड़ी केंद्र को स्कूल परिसर में शिफ्ट करवाकर ही दम लिया।
दो बार आया था पैसा, नहीं बना भवन
शौचालय में चलाए जा रहे आंगनबाड़ी केंद्र का स्वयं का भवन बनाने के लिए एक नहीं दो-दो बार पैसा जिला महिला एवं बाल विकास विभाग के पास आया था। हर बार जवाबदार अधिकारियों की लापरवाही की चलते पैसा दूसरे मदों में खर्च कर दिया गया। आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकर्ता ने पार्षद सहित अन्य लोगों से खाली जमीन की मांग थी, लेकिन खाली जमीन नहीं होने के चलते सेंटर को सार्वजनिक शौचालय परिसर में शिफ्ट कर दिया गया था।
पत्रिका की खबर पढ़कर अधिकारियों की ली क्लास
महिला एवं बाल विकास विभाग के डॉयरेक्टर राजेश सिंह राणा ने बताया कि पत्रिका के बेव पोर्टल में खबर पढ़कर उन्हें भिलाई के सार्वजनिक शौचालय में आंगनबाड़ी केंद्र चलने की जानकारी मिली। जिसके बाद उन्होंने जिले के जवाबदार अधिकारियों से रिपोर्ट मांगा। तुरंत केंद्र को दूसरे जगह शिफ्ट करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि सवाल बच्चों की जिंदगी का है ऐसे में किसी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वर्सन...
सार्वजनिक शौचालय परिसर में चल रहे आंगनबाड़ी केंद्र का जायजा मैंने खुद भिलाई आकर लिया। फिलहाल सरकारी स्कूल में केंद्र को शिफ्ट किया गया है। जवाबदार महिला एवं बाल विकास अधिकारी को नोटिस दिया गया है। किराए के भवन में चल रहे आंगनबाड़ी केंद्रों को जल्द ही सामुदायिक भवन या फिर स्कूल परिसर में शिफ्ट करने की योजना है।
राजेश सिंह राणा
डॉयरेक्टर, महिला एवं बाल विकास विभाग
Published on:
17 May 2018 05:12 pm
बड़ी खबरें
View Allभिलाई
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
