
CG Education: भिलाई पॉवर हाऊस और दुर्ग सरकारी आईटीआई में प्रवेश के लिए प्रथम मेरिट सूची का प्रकाशन 10 जुलाई को होगा। आईटीआई पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए संस्थान और ट्रेड का चयन करने आवेदन की तिथि तीन जुलाई थी, जिसके बाद छत्तीसगढ़ इंफोटेक प्रमोशन सोसाइटी यानी चिप्स ऑनलाइन पोर्टल पर प्रथम सूची डिस्प्ले करेगा।
इसके साथ आईटीआई भी अपने नोटिस बोर्ड पर प्रथम सूची चस्पा करेंगे। इस बार भी सर्वाधिक फार्म इलेक्ट्रिशियन, कोपा और फीटर जैसी ब्रांच के लिए किए गए हैं। वहीं सबसे कम आवेदन कारपेंटर और मशीनिस्ट ग्राइंडर जैसे ट्रेड के लिए है। पॉवर हाऊस आईटीआई में 20 ट्रेड संचालित हैं, जिनमें से 8 ट्रेड में प्रवेश को लेकर विद्यार्थियों के बीच जबरदस्त कॉपीटिशन हर साल होता है।
ऑनलाइन फार्म सीजी चिप्स के जरिए भरे गए हैं। प्रथम मेरिट सूची में जिन विद्यार्थियों का नाम शामिल होगा, उनको 10 से 12 जुलाई के बीच संस्थान पहुंचकर एडमिशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद संस्थान प्रथम सूची से हुए दाखिलों की जानकारी चिप्स के पोर्टल पर अपलोड करेंगे। फिर चिप्स अपने ऑनलाइन पोर्टल पर दूसरी मेरिट सूची का प्रकाशन 18 जुलाई को करेगा।
इसमें शामिल छात्रों को 18 से 20 जुलाई तक प्रवेश लेना होगा। 20 जुलाई की शाम को दूसरी सूची के चयनित विद्यार्थियों की जानकारियां पोर्टल पर अपलोड हो जाएंगी। इसके बाद तीसरी सूची 25 जुलाई को जारी की जाएगी और प्रवेश 27 जुलाई तक दिए जाएंगे। चौथी सूची एक अगस्त को आएगी। इसके आवेदकों को 3 अगस्त तक प्रवेश पक्का करना होगा। इसी तिथि से आईटीआई संस्थानों में प्रवेश पूरी तरह से थम जाएंगे।
अंकसूची 5 वीं, 8 वीं, 10 वी, 12वीं व अन्य (यदि हो तो), आधार कार्ड ड्राइविंग लाइसेंस, परिचय पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, रोजगार पंजीयन, मूल निवासी प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, जाति सत्यापन जन्म प्रमाण पत्र आदि तैयार कर लें।
ड्राइवर कम मैकेनिक ट्रेड में आवेदक की न्यूनतम आयु 1 अगस्त 2024 को 18 वर्ष एवं शेष व्यवसायों के लिए 14 वर्ष से कम नहीं होनी चाहिए।
पॉवर हाउस टीएस तंवर प्राचार्य का कहना है कि आईटीआई में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। आवेदकों ने अपनी रुचि और रोजगार की संभावना को देखते हुए संस्थान और ट्रेड का चयन कर लिया है। अब 10 जुलाई को प्रथम सूची का प्रकाशन ऑनलाइन और नोटिस बोर्ड पर किया जाएगा।
Updated on:
6 Jul 2024, 12:40 PM IST
Published on:
6 Jul 2024, 12:40 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.