
CG News: हेमचंद यादव विश्वविद्यालय की परीक्षा में नकल करना विद्यार्थियों को भारी पड़ गया। विवि ने ऐसे अधिकांश छात्रों की परीक्षा निरस्त कर दी है। विश्वविद्यालय ने इन पर यूनिवर्सिटी अनफेयर मींस की कार्रवाई की है, जिसमें करीब 20 विद्यार्थियों के नकल प्रकरणों को क्षमायोग्य नहीं मानते हुए इन्हें श्रेणी-सी में रखा गया। इनकी परीक्षा निरस्त कर दी गई है।
वहीं यूएफएम की श्रेणी-बी में 20 विद्यार्थियों के नकल प्रकरणों को रखा गया। इनके नकल प्रकरण सिद्ध होने पर इन विद्यार्थियों की उक्त पेपर को निरस्त किया गया है। इनमें सिर्फ 5 विद्यार्थी ही ऐसे रहे हैं, जिनको यूएफएम की श्रेणी-ए में रखा गया और उन्हें क्षमादान दिया गया। हालांकि जितने भी प्रकरणों का निपटारा किया गया है, उनकी उत्तरपुस्तिका जांच में बहुत कम ही उत्तीर्ण हुए हैं, जबकि शेष को एटीकेटी मिली है। यूएफएम के इन नतीजों में एमकॉम, एमए और बीबीए सरीखे कोर्स शामिल हैं।
हेमचंद यादव विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षा में नकल प्रकरणों की संख्या बढ़ रही हैं। वहीं इस साल परीक्षार्थियों के पास से मोबाइल फोन जब्त किए गए। इससे पहले हुई परीक्षा के दौरान एक केस ऐसा भी आया था, जिसमें एक छात्र नकल करने के लिए पूरी पीडीएफ ही मोबाइल में ले आया। परीक्षा के करीब एक घंटे के बाद वह पकड़ाया। इसी तरह कुंजी रखकर परीक्षा हॉल में बैठे परीक्षार्थियों की संख्या भी कम नहीं है।
परीक्षा निरस्त होने वाले 15 विद्यार्थियों के पास नकल सामाग्री मिली थी, इसमें कुछ छात्र मोबाइल फोन में नकल सामाग्री रखकर परीक्षा कक्ष में मिले। इनकी परीक्षाएं और पेपर निरस्त किए गए हैं। यूनिवर्सिटी अनफेयर मींस कमेटी यानी यूएफएम तीन श्रेणियों में नकल प्रकरणों को रखती है। इसमें ए श्रेणी में प्रकरण क्षमायोग्य हैं।
माना जाता है और परीक्षार्थी पर कोई कार्रवाई नहीं होती, वहीं श्रेणी बी में परीक्षार्थी का उक्त पेपर निरस्त किया जाता है, जिसमें नकल मिली थी, वहीं श्रेणी सी में परीक्षार्थी का प्रकरण संवेदनशील माना जाता है और उसकी समस्त परीक्षा ही निरस्त कर दी जाती है।
छत्तीसगढ़ व्यवसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) ने प्री-पॉलीटेक्निक प्रवेश के लिए परीक्षा का संभावित शेड्यूूल जारी कर दिया है। जारी शेड्यूल के हिसाब से पीपीटी परीक्षा 1 मई को दुर्ग जिले के 13 परीक्षा केंद्रों में कराई जाएगी। आवेदन की शुरुआत 13 मार्च से हो गई है। व्यापमं ने अपनी वेबसाइट पर आवेदन विंडो चालू कर दिया है। इसके अलावा प्री-एमसीए प्रवेश परीक्षा का शेड्यूल भी जारी किया गया है। इस प्रवेश के ऑनलाइन आवेदन भी शुरू करा दिए गए हैं।
इस साल बड़ा बदलाव परीक्षा के दौरान यह है कि प्री-पॉलीटेक्निक परीक्षा तो सभी जिला मुख्यालयों में होगी, पर प्री-एमसीए प्रवेश परीक्षा के लिए सिर्फ दो सेंटर रायपुर और बिलासपुर बनाए जाएंगे। इस प्रवेश परीक्षा के लिए दुर्ग में सेंटर नहीं होगा।
ऑनलाइन आवेदन की शुरुआत - 13 मार्च
आवेदन की अंतिम तिथि - 11 अप्रैल
आवेदन की त्रुटि सुधार - 12 से 14 अप्रैल
संभावित परीक्षा तिथि - 1 मई
परीक्षा समय पीपीटी - 9 से 12.15 बजे तक
परीक्षा समय प्रीएमसीए - 2 से 5.15 बजे तक
प्रवेश पत्र संभावित - 22 अप्रैल
Updated on:
19 Mar 2025, 4:53 PM IST
Published on:
19 Mar 2025, 4:53 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.