
बीएसपी की जमीन पर बिना एनओसी बन गई 2.77 करोड़ की लाइब्रेरी (फोटो सोर्स- पत्रिका)
CG News: नगर निगम भिलाई द्वारा सेक्टर-5 शहीद पार्क के पास लगभग 2.77 करोड़ रुपए की लागत से बनाए गए सेंट्रल लाइब्रेरी सह रीडिंग जोन भवन को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। यह निर्माण भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) की जमीन पर बिना अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लिए किए जाने का मामला सामने आया है।
बीएसपी ने इस पर आपत्ति जताते हुए नगर निगम को नोटिस भी जारी किया है, लेकिन अब तक निगम की ओर से इसका कोई जवाब नहीं दिया गया है। जानकारी के अनुसार शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी भी जमीन पर निर्माण कार्य शुरू करने से पहले संबंधित जमीन मालिक चाहे वह रेलवे हो, बीएसपी हो या कोई अन्य संस्था से एनओसी लेना अनिवार्य है। इसके बाद ही निर्माण कार्य किया जाना चाहिए। इसके बावजूद निगम अधिकारियों ने बिना अनुमति के करोड़ों रुपए खर्च कर भवन का निर्माण कर दिया।
सेंट्रल लाइब्रेरी सह रीडिंग जोन का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। ऐसे में विशेषज्ञों का मानना है कि जनता के पैसे से बने इस भवन को बेकार नहीं जाने देना चाहिए। बेहतर होगा कि नगर निगम और बीएसपी के बीच आपसी सहमति से कोई बीच का रास्ता निकाला जाए। यदि निगम यह भवन बीएसपी को संचालन के लिए सौंप दे और शेष कार्य पूरा कर दिया जाए, तो इसका उपयोग बच्चों और विद्यार्थियों के अध्ययन के लिए किया जा सकता है। अन्यथा मामला न्यायालय तक पहुंच सकता है।
सूत्रों के मुताबिक बीएसपी ने बिना एनओसी निर्माण किए जाने पर नगर निगम को नोटिस भेजा है। यदि इस पर संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, तो बीएसपी इस मामले को अदालत तक ले जा सकती है। ऐसी स्थिति में कोर्ट से आदेश मिलने पर भवन को हटाने या ढहाने की कार्रवाई भी संभव है, जिससे जनता के पैसे की भारी बर्बादी होगी।
बताया जा रहा है कि बीएसपी द्वारा नोटिस दिए जाने के बाद भी निगम स्तर पर लगभग एक करोड़ रुपए का एक और प्रस्ताव तैयार कर भेजा गया है। जबकि बीएसपी के नगर सेवाएं विभाग ने इस निर्माण के लिए एनओसी जारी नहीं किया था। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि नियमों के विपरीत काम कराने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय कर उनसे खर्च की राशि की वसूली की जानी चाहिए।
सेक्टर-5 शहीद पार्क के पास सेंट्रल लाइब्रेरी निर्माण के लिए बीएसपी की ओर से एनओसी नहीं दी गई है। इस संबंध में नगर निगम को नोटिस जारी किया गया है, लेकिन अब तक कोई जवाब प्राप्त नहीं हुआ है। - अमूल्य प्रियदर्शी जनसंपर्क अधिकारी, बीएसपी
एनओसी के लिए आवेदन किया गया है, लेकिन अभी तक नहीं मिली है। - तिलेश्वर साहू जनसंपर्क अधिकारी, भिलाई निगम
Published on:
14 Mar 2026 06:54 pm
बड़ी खबरें
View Allभिलाई
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
