21 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

epaper_icon

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

Bhilai News: अंतिम संस्कार के दौरान तेज बारिश, तिरपाल ढककर जलानी पड़ी चिता, मुक्तिधाम की बदहाल व्यवस्था उजागर

Bhilai News: विनोबा नगर मुक्तिधाम में डोम शेड नहीं होने से अंतिम संस्कार के दौरान तेज बारिश में चिता को तिरपाल से ढंकना पड़ा।
2 min read
Google source verification

भिलाई

image

Love Sonkar

Jul 20, 2026

Bhilai News

बारिश में तिरपाल ढककर अंतिम संस्कार (Photo Patrika)

Bhilai News Today: नगर निगम भिलाई की लापरवाही एक बार फिर सामने आई। जोन-1 नेहरू नगर वार्ड-3 में निवासी एक व्यक्ति का रविवार को निधन हो गया। अंतिम संस्कार के लिए परिजन और लोग जुनवानी स्थित विनोबा नगर मुक्तिधाम पहुंचे। अंतिम संस्कार शुरू ही हुआ था कि अचानक तेज बारिश होने लगी। चिता की आग बुझने के डर से लोगों ने तुरंत बड़े तिरपाल से चिता को ढंका और बहुत मुश्किल से अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की।

सुकून से अंतिम संस्कार की व्यवस्था भी नहीं

वनोबा नगर मुक्तिधाम में अब तक स्थायी निर्माण नहीं हुआ है। यहां केवल लोगों के खड़े होने के लिए एक छोटा भवन बना है। खुले में ही अलग-अलग परंपराओं के अनुसार शव का अंतिम संस्कार किया जाता है। कई लोग यहां शव को दफनाते भी हैं। शेड नहीं होने के कारण बारिश के तीन महीने लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।

सदन में प्रस्ताव पारित, फिर भी नहीं हुआ काम

वार्ड पार्षद हरिओम तिवारी ने बताया कि 30 दिसंबर 2022 को हुई सामान्य सभा में उन्होंने मुक्तिधाम में डोम शेड बनाने की मांग की थी। साथ ही यहां एक व्यक्ति की तैनाती की मांग की ताकि अंतिम संस्कार के बाद निगम से मिलने वाले मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए दस्तावेज मुक्तिधाम से ही जारी हो सकें। यह व्यवस्था भी आज तक नहीं हो सकी।

आयुक्त को लिखित में दी गई मांगें अनसुनी

पार्षद के अनुसार 9 मार्च 2022 को उन्होंने निगम आयुक्त को लिखित में मांग की थी कि विनोबा नगर और जुनवानी के लोग यहां अंतिम संस्कार करने आते हैं। इसलिए शवदाह स्थल का उन्नयन किया जाए और पानी के लिए मोटर पंप लगाया जाए। इसके बाद उन्होंने पुन: पत्र लिखकर पेवर ब्लॉक, बोर खन, डोम शेड निर्माण, बाउंड्रीवाल निर्माण और मुक्तिधाम तक पहुंच मार्ग बनाने की मांग की। लेकिन निगम ने इनमें से कोई काम नहीं किया।

हाईकोर्ट ने भी कहा, मिले सम्मानजनक विदाई

सितंबर 2025 में बिलासपुर हाईकोर्ट ने शासन और प्रशासन को निर्देश दिए थे कि राज्य के सभी श्मशान घाटों की बेहतरी के लिए रोडमैप या विजन शपथपत्र में पेश किया जाए। कोर्ट ने स्पष्ट कहा था कि मृत्यु के बाद व्यक्ति को सम्मानजनक विदाई मिलनी चाहिए। बावजूद भिलाई के इस मुक्तिधाम की स्थिति जस की तस है। नागरिकों ने मांग की है कि प्रशासन तुरंत डोम शेड, पानी, बाउंड्रीवाल और पहुंच मार्ग बनाकर इस मुक्तिधाम को दुरुस्त करे, ताकि लोगों को अंतिम विदाई के समय अपमान न झेलना पड़े।

मुक्तिधाम में जब तक पूरी व्यवस्था नहीं है, तब तक रामनगर मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया जाना उचित रहेगा। बारिश के बाद ही वहां व्यवस्था संभव होगी।
-तिलेश्वर साहू, अधिकारी, जनसंपर्क विभाग, नगर निगम, भिलाई,