
स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, सेक्टर-6 केजी-2 के बच्चों को जब स्कूल से होमवर्क मिलता है, तब माता-पिता के साथ बैठकर वे पढ़ाई करते हैं। पिछले 4 माह के दौरान उनको न तो कोई होमवर्क मिला और न किसी दिन स्कूल पढऩे के लिए बुलाया गया। इसकी वजह से बच्चे सुबह से लेकर शाम तक खेलने कूदने में व्यस्त हैं। इधर शिक्षा विभाग के अधिकारी का कहना है कि वे जल्द कुछ व्यवस्था करवाते हैं। केजी-2 शुरू नहीं होने से सबसे अधिक परेशान पालक है। आसपास में निजी स्कूल में पढऩे वाले केजी-2 के बच्चे हर दिन स्कूल जा रहे हैं।
वहीं सेक्टर-6 स्वामी आत्मानंद शासकीय इंग्लिश मीडियम स्कूल, भिलाई के बच्चे घर पर ही हैं। अब बच्चों का जब टेस्ट होगा, तो दूसरे स्कूल के बच्चों की अपेक्षा, यहां के बच्चे किस तरह से बेहतर रिजल्ट दे पाएंगे।
इस विषय को लेकर गुरुवार को पालकों ने स्कूल जाकर प्राचार्य से गुहार लगाई। तब उनको बताया गया कि अभी शिक्षक की व्यवस्था नहीं हुई है। जब शिक्षक की व्यवस्था हो जाएगी, तब खबर कर दी जाएगी। उसके बाद ही बच्चों को केजी-2 में पढऩे के लिए भेजा जाए।
स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, सेक्टर-6 में आर्थिक तौर पर कमजोर वर्ग के बच्चे अधिक हैं। इस वजह से वे न तो स्कूल प्रबंधन पर दबाव बना पा रहे हैं और न बच्चों को तुरंत एक स्कूल से निकालकर दूसरे में दाखिला दिला पा रहे हैं। यहां केजी-2 के करीब 35 बच्चे हैं, जो घर में बैठकर शिक्षक की व्यवस्था का इंतजार कर रहे हैं। वहीं जनप्रतिनिधियों ने अब तक इसको लेकर कोई ठोस पहल नहीं किया है।
संजय सिंह, पालक, टाउनशिप, भिलाई ने बताया कि केजी-2 की क्लास 4 माह में एक दिन भी नहीं लगी है। बच्चों की पढ़ाई ठप हो गई है। मजबूरी में निजी स्कूल में दाखिला करवा देंगे।
एम शर्मा, पालक, टाउनशिप, भिलाई ने बताया कि पिछले 4 माह में एक भी दिन केजी-2 की क्लास नहीं लगी है। बच्चे की स्कूल जाने की आदत ही छूट रही है। परेशान हैं।
डीके सिंह, पालक, टाउनशिप, भिलाई ने बताया कि शिक्षक नहीं है, कहकर बच्चों को स्कूल नहीं बुला रहे हैं। इससे किसी को फर्क नहीं पढ़ रहा है। सरकारी स्कूल पर कौन ध्यान देता है।
सेवन कुमार ठाकुर, पार्षद वार्ड-61, भिलाई, निगम, स्कूल के जिम्मेदार पालकों से कह रहे हैं कि शिक्षक नहीं है। जब आएंगे, तब बच्चों को बुलाएंगे। पूरी लापरवाही शिक्षा विभाग के अफसरों की है।
अरविंद मिश्रा, जिला शिक्षा अधिकारी, दुर्ग ने बताया कि स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, सेक्टर-6 में केजी-2 के लिए शिक्षकों की व्यवस्था को दो दिन में ठीक करवाता हूं। https://www.patrika.com/exclusive/watch-video-government-sent-17-crores-still-rain-water-reached-homes-18894433
Updated on:
09 Aug 2024 05:38 pm
Published on:
09 Aug 2024 05:38 pm
