
पुलिस ने 7 आरोपी को दबोचा (फोटो सोर्स- पत्रिका)
Online Satta: भिलाई के जामुल थाना पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 1 लाख नकद, 16 मोबाइल, 1 लैपटॉप, वाई-फाई उपकरण, पासपोर्ट, बैंक पासबुक सहित इलेक्ट्रॉनिक सामग्री जब्त की है।
पुलिस को मुखबिरी हुई थी कि नालंदा स्कूल के पीछे सुंदर विहार कॉलोनी फेस-2 स्थित एक किराए के मकान में संगठित ऑनलाइन सट्टा गिरोह संचालन कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दिया। यहां आरोपियों को ऑनलाइन सट्टा संचालित करते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने शुरूआती जांच में पाया है कि प्रतिदिन 3 से 7 लाख तक के लेन-देन किया जा रहा था। इस तरह से करोड़ों के अवैध कारोबार का संचालन होना पाया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में पोषण निषाद 26 साल, निवासी अंजोरा, योगेश कुमार विश्वकर्मा, 22 साल, निवासी जलेबी चौक, छावनी भिलाई, गौरव तिवारी, 26 साल, निवासी कबीर नगर, रायपुर, संजय कुमार जायसवाल, 26 साल, निवासी कैंप-1, जलेबी चौक, छावनी भिलाई, चुनेश निषाद, 20 साल, निवासी श्याम नगर, थाना छावनी भिलाई, विक्रम सिंह उर्फ विक्की, 30 साल, निवासी, न्यू बसंत टॉकीज के पास थाना छावनी भिलाई और उदल हमणे, 19 साल, निवासी न्यू बसंत टॉकीज के पास थाना छावनी भिलाई शामिल हैं। पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा के मामले में धारा 318, (4) बीएनएस, 6, 7, 8 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक गिरोह द्वारा अलग-अलग सिम कार्ड व म्यूल बैंक खातों के माध्यम से अवैध लेन-देन को छिपाने का प्रयास किया जाता था। गिरोह में कार्यों का स्पष्ट विभाजन था। तकनीकी रूप से बाहरी व्यक्तियों से भी संचालन नियंत्रित किया जाता था।
जांच में पाया गया कि आरोपी ने ड्रैगन टाइगर अंदर-बाहर तीन पत्ती टेनिस, फुटबॉल, रूलेट जैसे खेलों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा था। ग्राहकों को इंस्टाग्राम व व्हाट्सऐप के माध्यम से जोडक़र आईडी उपलब्ध कराई जाती थी और मोबाइल, लैपटॉप के माध्यम से सट्टा खिलाया जा रहा था।
दुर्ग पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन सट्टा, अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहें। ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। -विजय अग्रवाल, एसएसपी दुर्ग
Updated on:
23 Mar 2026 03:07 pm
Published on:
23 Mar 2026 03:07 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
