
मां संजू देवी और दोनों मृतक बच्चे। फोटो: पत्रिका
भीलवाड़ा। मांडलगढ़ थाना क्षेत्र के मानपुरा में बीमारी के डर से एक मां ने ऐसा खौफनाक कदम उठाया कि समूचा गांव हिल उठा। गांव में एक महिला ने स्वयं के गंभीर बीमारी से त्रस्त होने की आंशका में अपनी 10 वर्षीय बेटी व 6 वर्षीय बेटे की हत्या कर दी। इसके उपरांत खुद के हाथों से गले में रस्सी बांधकर आत्महत्या का प्रयास किया। आत्महत्या से पूर्व ससुर को फोन कर घटना की जानकारी दी कि बच्चों को तो मैंने मार दिया है, अब मैं खुद मर रही हूं।
मानपुरा निवासी टेंट व्यवसायी राजू उर्फ राजकुमार तेली की पत्नी संजू तेली (30) ने रविवार सुबह अपनी 10 वर्षीय बेटी नेहा और 6 वर्षीय बेटे भैरु की बेरहमी से सरिया व हथौड़े से वार कर हत्या कर दी। घटना के समय पति राजू रोज की तरह काम पर चला गया था ससुर खेत पर था एवं सासू मां नरेगा में गई हुई थी।
दोनों बच्चे बाहर खेल रहे थे, जिन्हें मां संजू ने आवाज देकर अंदर बुलाया और अपने कमरे में बंद कर हत्या करने के उद्देश्य से बेरहमी से मारने लगी, बच्चे चिल्लाते रहे। लेकिन कमरा पीछे होने से बच्चों की चीख पुकार किसी ने नहीं सुनी। पूरा कमरा लहूलुहान हो गया। निर्दय मां के सिर पर बच्चों को मौत के घाट उनारने का भूत सवार था।
बच्चों के मरने के बाद संजू ने ससुर प्रभुलाल को फोन लगाया कि मैं कैंसर से पीड़ित हूं। मैंने बच्चों को मार दिया है अब मैं भी मर रही हूं। ससुर प्रभुलाल ने अपने बेटे राजू को फोन किया और दौड़ते हुए घर पर पहुंचे, जहां कमरे को अंदर से बंद पाया हथौड़े से कुंदे को तोड़ा अंदर देखा कि संजू ने स्वयं के हाथों से गले में रस्सी बांधकर दबा रखी थी और जान देने का प्रयास कर रही थी। कमरे में पोते-पोती की खून से लथपथ शव देखकर सन्न रह गए।
घटना की जानकारी पर एएसआई रामसिंह मीणा मय जाप्ता मौके पर पहुंचे। यहां अचेत संजू को पुलिस की 112 वाहन से मांडलगढ़ उप जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से हालत गंभीर होने से प्राथमिक उपचार के बाद उसे भीलवाड़ा रेफर किया गया। हत्या के पीछे वास्तविक कारणों का पता संजू की हालत सही होने या पूरी जांच होने पर पता चल सकेंगे।
थाना प्रभारी घनश्याम मीणा एवं एफएसएल प्रभारी मौके पर पहुंचे। वारदात की जानकारी ली और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शवों को मांडलगढ़ उप जिला अस्पताल में लाकर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों के सुपुर्द किए। ससुर प्रभुलाल तेली की रिपोर्ट पर पुलिस कार्रवाई कर रही है।
घटना से पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। पड़ोसियों के अनुसार परिवार सामान्य दिखता था, घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश और शोक व्याप्त है। बताया जा रहा है कि संजू के पिछले कुछ दिनों से गले और पेट में गांठ से पीड़ित थी। उसे सोमवार सुबह अहमदाबाद लेकर जाना था। लेकिन, रविवार होने के कारण अहमदाबाद नहीं गए थे।
राजस्थान से जुड़ी हर ताज़ा खबर, सीधे आपके WhatsApp पर
जुड़ें अभी : https://bit.ly/4bg81fl
Updated on:
12 Jan 2026 08:31 am
Published on:
12 Jan 2026 08:31 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
