
Bhilwara election ground report
नरेन्द्र वर्मा . भीलवाड़ा।
भीलवाड़ा विधानसभा क्षेत्र की पहचान भाजपा के गढ़ के रूप में है। यहां 1985 से अब तक केवल दो बार कांग्रेस के विधायक बने, जबकि छह बार भाजपा ने जीत का परचम फहराया। वर्ष 2008 से तो लगातार भाजपा के विट्ठलशंकर अवस्थी विधायक हैं। भाजपा के इस गढ़ को ढहाने के लिए इस बार कांग्रेस ने पूरा जोर लगा रखा है। इसके लिए विभिन्न मुद्दों के साथ जनता के बीच में है। कांग्रेस ने महंगाई के साथ ही सरकार की अनुबंधित बिजली सेवा प्रदाता एजेंसी सिक्योर कम्पनी के खिलाफ मोर्चा खोला है। भीलवाड़ा महिला अरबन बैंक में वित्तीय अनियमितताओं के साथ ही यूआइटी व नगर परिषद की कार्यशैली के साथ डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट के जरिए जारी लाखों के विधायक फंड को लेकर विरोध के सुर उठाए है। आम आदमी पार्टी भी तीसरे मोर्च के रूप में वजूद स्थापित करने के प्रयास में शहर की अनदेखी एवं मूलभूत सुविधाओं को नजर अंदाज करने के लिए भाजपा व कांग्रेस पर निशाने साधे है। दूसरी ओर, भाजपा विधायक का दावा है कि पूर्ववर्ती सरकार घोषणा कर भूल गई थी। भाजपा ने उनको साकार करते हुए विकास की नई ऊंचाई दी। इन सबके बीच जनता क्या चाहती है, ये जानिए भीलवाड़ा विधानसभा ग्राउंड रिपोर्ट में
..................
कांग्रेस ने पांच वर्ष के दौरान क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाई। इससे सरकार पर दबाव बना और विकास कार्य भी हुए। मूलभूत सुविधाओं के प्रति भी सरकार अधिक सक्रिय रहती तो बेहतर होता।
रामपाल सोनी, निकटतम प्रतिद्वंद्वी, कांग्रेस
..................................
भाजपा विधायक विट्ठलशंकर अवस्थी ने भाजपा के शासनकाल को जिले के लिए स्वर्णिम बताया। उनका कहना है कि पूर्ववर्ती कांगे्रस सरकार घोषणा कर भूल गई। भाजपा सरकार ने योजनाओं को साकार किया। चम्बल पेयजल परियोजना का पानी भीलवाड़ा पहुंचा और पेयजल समस्या का समाधान हुआ, सीवरेज पाइपलाइन बिछी, मेडिकल कॉलेज की सौगात मिली, रेलवे स्टेशन सैकंड गेट, मातृ एवं शिशु चिकित्सालय की स्थापना, एमजीएच में डायलिस, नर्सिंग होस्टल, शहर में तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खुले। इस बात का मलाल है कि व रामधाम रोड पर बीस करोड़ की लागत से आरोबी बनाने के प्रयास किए, लेकिन जिन्दल ग्रुप का रुख सहयोगात्मक नहीं रहा।
.....................
आप के बोल
आम आदमी पार्टी के लोकसभा क्षेत्र प्रभारी रणजीतसिंह कारोही का आरोप है कि भाजपा व कांग्रेस ने जनता को झांसे में रखा और विकास के नाम पर पुरानी उपलब्धियां सामने लाई जा रही हैं। अनदेखी से नदियों व सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे हो रहे हैं। यूआइटी कच्ची बस्तियों के बजाए पॉश कॉलोनियों में विकास करवा रही है। बिजली के बिल दुगने हो गए। जनता को तीसरे विकल्प की तलाश है।
...............
जनता के बोल
केदारमल बताते हैं कि भाजपा ने जीसटी लागू कर व्यापार को सही दिशा दी। इससे व्यापार सुदृढ़ हुआ, महंगाई पर अंकुश होता तो बेहतर रहता। राजेन्द्र सिंह कहते हैं कि पांच वर्ष में विकास हुआ है, लेकिन जनता की उम्मीदें अधूरी हैं। गोवर्धनसिंह कटार कहते हैं कि शहर में कच्ची बस्तियों के हाल गांव जैसे हैं। मूलभूत सुविधा तक नहीं है। अनिल प्रताप सिंह का कहना है कि भाजपा कार्यकाल में क्षेत्र का चहुंमुखी विकास हुआ, रोजगार के अवसर बढ़े।
कांग्रेस नेता कहिन
पूर्व नगर परिषद सभापति मधु जाजू का कहना है कि सरकार सभी मोर्चों पर फेल रही। हादसों का सबब बन रहे मवेशियों को सड़क से हटाने भी में स्थानीय प्रशासन विफल रहा। सरकार ने निजी कम्पनी को शहर की बिजली आपूर्ति व्यवस्था का ठेका देकर ढर्रा बिगाड़ दिया।
शहर दस साल पीछे चला गया
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ओमप्रकाश नराणीवाल का कहना है कि भाजपा के पांच वर्ष के शासन में शहर दस साल पीछे चला गया। हम सत्ता में लौटे तो चहुंमुखी विकास होगा। एमजीएच एवं एमसीएच में मेडिकल कॉलेज स्तर की चिकित्सा सुविधा जुटेगी। पुर व सांगानेर की चिकित्सा सेवा सुधरेगी। पुलिस लाइन से जोधड़ास रोड का लिंक होगा। रामधाम पर ओवरब्रिज बनाएंगे। पुर पर्यटन स्थल के रूप मंें विकसित होगा।
ये भी बोले
कांग्रेस विधिक प्रकोष्ठ के पदाधिकारी अधिवक्ता अशोक जैन, पूर्व पार्षद सुरेश बम्ब का कहना है कि भाजपा सरकार ने पांच वर्ष तक जन अधिकारों का हनन किया, महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया। शहर के नियोजित विकास की सुध नहीं ली, बिजली बिल प्रतिमाह बढ़ी दर में वसूलने की व्यवस्था कुठाराघात है। नगर परिषद व यूआइटी ने आमजन की अनदेखी क। जिला खनिज कोष का लाभ जरूरतमंदों को नहीं मिला।
किया है विकास
भाजपा के शासन में भीलवाड़ा ने उत्तरोत्तर विकास किया है और कई सौगातें मिली। भीलवाड़ा समेत जिले की सातों सीटें जीतेंगे और अगले पांच साल मेें वस्त्रनगरी को हाईटेक सिटी के रूप में स्थापित करेंगे। स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेगे, नए उद्योगों की राह खुलेगी और कच्ची बस्तियों समेत शहर का बेहतर नगर नियोजन होगा। जिले में भाजपा का जनाधार लगातार बढ़ा है।
लक्ष्मीनारायण डाड, जिलाध्यक्ष, भाजपा
कुछ नहीं किया
पांच साल में कांग्रेस ने शहर में विकास के नाम पर कुछ नहीं किया। मेडिकल कॉलेज, चम्बल पेयजल परियोजना व सीवरेज ये सब कांग्रेस शासन की देन है। भाजपा ने सिर्फ कांग्रेस शासन में शुरू हुई योजनाओं को बंद करने या फिर उनका स्वरूप बदल कर अपने नाम करने का ही कार्य किया है। जनता अब त्रस्त है।
रामपाल शर्मा, जिला अध्यक्ष, कांग्रेस
मतदाताओं की स्थिति
वर्ष 2018.....255724
वर्ष 2013..... 193498
पिछली जीत का अंतर: 46116
भाजपा: विट्टलशंकर अवस्थी
कांग्रेस: रामपाल सोनी
.......................
जनता ये चाहती है शहर में....
- चम्बल परियोजना पानी का नई कॉलोनियों को भी मिलें
- सीवरेज का कार्य तय समय में हो
- केबल व पाइप लाइन बिछाने के लिए प्रशासन संयुक्त कमेटी गठित करे
- आजाद चौक व चित्रकूट धाम में बने भूमिगत पार्किग
- भीलवाड़ा कृषि उपज मंडी समिति के नीलामी स्थल कब्जे से मुक्त हो।
- हर वार्ड में सार्वजनिक पुस्तकालय खुले।
- शहर में आवारा मवेशी का डेरा सड़क पर नहीं रहे
- उपनगरीय बस सेवा शहर में शुरू
- बिजली के बिल दो माह में एक बार बंटे
- कोठारी नदी व नाले प्रदूषण, अतिक्रमण व अवैध दोहन से मुक्त हो
- शहर की कच्ची बस्तियों का समूचित विकास हो
- पुर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो
-चित्तौड़ रोड स्थित रामधाम पर ओवरब्रिज बनें
- बड़ी औद्योगिक इकाई रोजगार के अवसर बढ़ाए
-यूआईटी दलालों के चुंगल से मुक्त हो
- नगर परिषद की व्यवस्था जिला प्रशासन संभाले
- शहर की सड़कों से अनचाहे डिवाइडर हटें
- मवेशियों को खुले में चारा डालने की व्यवस्था बंद हो
- कॉलोनियों की नालियां सुधरे और भूखंड गंदगी से हो मुक्त
- भूखंडों पर निर्माण कार्य के लिए आवंटियों को पाबंद किया जाए
Updated on:
23 Oct 2018 02:18 am
Published on:
23 Oct 2018 01:55 am
