
भूखण्डों पर भरा पानी दे रहे बीमारी को न्योता
भीलवाड़ा. शहर के विभिन्न वार्डों में खाली भूखण्डों में बारिश व घरों का गंदा पानी जमा होने से मच्छर पनप रहे हैं। मच्छरों के काटने व गंदगी से मलेरिया, डेंगू आदि बीमारियां पनपने की आशंका है। खाली मैदानों में जमा पानी की निकासी के लिए नगर परिषद ने कोई बंदोबस्त नहीं किए। प्रशासन नहीं चेता तो तेजी से फेल रहे डेंगू व मलेरिया के रोगी और बढ़ेंगे। चिकित्सा एवं शिक्षा विभाग ने वीसी से प्रदेश के सभी सीएमएचओ व जिला कलक्टरों को निर्देश दिए है कि वे शहर में स्वच्छता का अभियान चलाए। भीलवाड़ा में इस सीजन में अब तक डेंगू के 21 व मलेरिया के 9 केस सामने आए हैं।
शहर के आजादनगर, चंद्रशेखर आजादनगर, बापूनगर, आदर्श नगर, तिलक नगर समेत अन्य क्षेत्रों में भूखण्ड सहित अन्य खाली जगह बरसात का पानी जमा है। मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया। क्षेत्र में बुखार, खांसी, जुकाम सहित मौसमी बीमारियां फैलने लगी है। फोगिंग व मच्छरों से बचाव के उपाय की जरूरत है। लोगों का कहना है कि नगर परिषद में कई बार शिकायत की लेकिन अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया।
शिकायत के बाद भी सफाई नहीं
बरसात में हर बार पानी निकासी के लिए पार्षदों व परिषद के अधिकारियों को शिकायत की जाती है, लेकिन पानी निकासी के लिए पुख्ता इंतजाम नहीं किया। इससे बारिश के मौसम में पानी जमा रहने से बीमारियां फैलने का अंदेशा है। इन दिनों जयपुर, कोटा, उदयपुर, हनुमानगढ़, अजमेर अलवर, बाडमेर आदि में डेंगू व मलेरिया के रोगी ज्यादा मिल रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि मौसम में बदलाव से बच्चों की सेहत प्रति लापरवाही न बरतें।
3 से स्वच्छता पखवाड़ा
अन्य जिलों में डेंगू व मलेरिया तेजी से फैल रहा है। भीलवाड़ा में अभी सामान्य स्थिति है, लेकिन घरों व आसपास में बारिश का पानी भरा होने से डेंगू के मच्छर पनप रहे है। इसे रोकने को 3 अक्टूबर से स्वच्छता पखवाड़ा चलाएंगे। हर घर की जांच की जाएगी।
डॉ.मुस्ताक खान, सीएमएचओ भीलवाड़ा
Published on:
03 Oct 2023 10:06 am
