
Tax should be applicable on income uniformly...exemption should be given on income up to Rs 10 lakh
Bhilwara news : आम आदमी केंद्र सरकार से उम्मीद कर रहा है कि शनिवार को पेश होने वाले आम बजट में कुछ ऐसे कदम उठाए जाएं कि महंगाई पर लगाम पाई जा सके। टैक्स फ्री इनकम की सीमा में बढोतरी हो। ओल्ड और न्यू रिजीम की जगह एक टैक्स स्लैब लागू हो। शिक्षा के लिए अधिक बजट मिले। शॉर्ट टर्म कैपिटल गैन पर अलग से टैक्स नहीं होना चाहिए। यह बात राजस्थान पत्रिका की ओर से आयोजित प्री-बजट परिचर्चा में सीए सदस्यों ने कही।
सीए सदस्यों ने कहा कि लोगों को 10 लाख रुपए तक की आय में छूट की उम्मीद है। जीएसटी संग्रह हर माह रिकॉर्ड बना रहा है। ऐसे में किसी भी तरह का नया टैक्स लगाना आमजन से अन्याय होगा। टेक्सटाइल उद्योग को बढ़ावा देने के लिए नए टेक्सटाइल पार्क की घोषणा करे ताकि नए उद्योग लग सकें।
विकास को बढ़ावा मिले
बुनियादी ढांचे पर खर्च और पीएलआई के दायरे को बढ़ाने की जरूरत है। उचित योग्यता-आधारित नीतियों की जरूरत है। पुराने वाहनों को हटाने के लिए प्रोत्साहित करने के उपायों को लागू करें। इससे वाहनों की मांग बढ़ेगी और प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों को खत्म किया जा सकेगा।
शिक्षा के लिए हो अधिक बजट
नई शिक्षा नीति में जीडीपी के 6 प्रतिशत तक का बजट आवंटन लक्ष्य रखा है। पिछले बजट तक यह आंकड़ा 3 प्रतिशत से कम है। वर्ष 2035 तक ग्रॉस एनरोलमेंट रेशियो को 50 प्रतिशत तक पहुंचाने के महत्वकांक्षी लक्ष्य की तैयारी जरूरी है। शिक्षा के लिए अधिक बजट मिले। आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, टेक्नोलॉजी विकास से आने वाले 5 वर्षों में करीब 45 प्रतिशत कार्य कर रहे लोगों की स्किल अप्रचलित हो जाएगी। ऐसे में केंद्र सरकार को एआइ रोबोटिक्स व स्टेम के क्षेत्र के विकास के लिए बजट में प्रोविजन करना चाहिए।
हेल्थ इंश्योरेंस पर जीएसटी समाप्त करें
हेल्थ इंश्योरेंस पर जीएसटी समाप्त हो। गृह ऋण पर इनकम टैक्स में छूट पुरानी रिजीम में बढ़ाकर 5 लाख रुपए तक करनी चाहिए। दीर्घकालीन पूंजीगत लाभ में छूट सीमा 2.50 लाख तक हो। शॉर्ट टर्म केपिटल गैन पर धारा 87 ए की छूट के प्रावधान को कानून में लाना चाहिए। इससे सात लाख की करमुक्त सीमा में शॉर्ट टर्म केपिटल गैन भी शामिल हो। इलेक्ट्रिक व्हीकल पर सब्सिडी मिले। स्टेशनरी आइटम पर टैक्स नहीं लगे। बैंकिंग सेक्टर में मिनिमम बैलेंस, एटीएम, एसएमएस आदि के चार्ज हर बैंक में एक जैसे हो।
इन्होंने लिया हिस्सा
चर्चा में सीए भीलवाड़ा शाखा अध्यक्ष सोनेश काबरा, राहुल समदानी, हिमांशु झंवर, सुमंत मेहरा, राघव झंवर, हर्षित शर्मा, अभिनव टेलर, रक्षिता दशोरा, प्रियंका कामडिया, साक्षी छाजेड़, प्रियंका बाबेल, अनुजा शर्मा, श्रुति मेहता, आरती मेहता, आमिर शैख़ व अरुण सेन शामिल थे।
Published on:
01 Feb 2025 10:25 am
