
आतंकी हमले से गुस्से में लोग, दोपहर तक बंद रखा भीलवाड़ा शहर
भीलवाड़ा।
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतंकी हमले से लोगों में गुस्सा है। विश्व हिंदू परिषद के आह्वान पर शुक्रवार दोपहर १२ बजे तक भीलवाड़ा शहर बंद रहा। व्यापारियों ने स्वैच्छिक रूप से बाजार बंद रख विरोध जताया।
इसके बाद स्टेशन चौराहा पुलिस नियंत्रण कक्ष के बाहर सभा हुई। इसको स्वामी हंसराम, संकटमोचन हनुमान मंदिर महंत बाबूगिरी, विधायक विट्टलशंकर अवस्थी, विहिप के सुरेश गोयल आदि ने संबोधित किया।
हंसराम ने कहा कि रोज-रोज आतंकी हमले हो रहे हैं, अब इनका करारा जवाब देना होगा। उन्होंने कहा कि कोई नेता बीमारी से मरता है, तो राष्ट्रीय शोक मानकर ध्वज झुका दिया जाता है। देश में ४४ से ज्यादा जवानों की शहादत पर देश में केवल बयानबाजी हो रही है।
शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए ध्वज झुकाना चाहिए। कार्यक्रम के सभी ने शहीदों के फोटो पर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यकर्ताओं ने आतंकियों का पुतला भी जलाया। इससे पूर्व शहर बंद के दौरान व्यापारियों ने पूरा सहयोग किया। जगह-जगह पुलिस जाब्ता तैनात रहा।
Updated on:
15 Feb 2019 06:50 pm
Published on:
15 Feb 2019 06:50 pm
