
पत्रिका जन एजेंडा तैयार, प्रत्याशियों को लेना होगा संकल्प
टेक्सटाइल सिटी भीलवाड़ा की जनता ने ठान लिया है कि अब शहर व जिले में दूरदर्शी सोच के साथ विकास होना चाहिए। राजस्थान पत्रिका के अभियान के तहत अलग-अलग क्षेत्र में कार्य करने वाले प्रबुद्ध जनप्रहरी की ओर से शहर व जिले के विकास का विजन-2030 डॉक्यूमेंट तैयार किया गया। सोमवार को पत्रिका कार्यालय में जन-एजेंडा की बैठक रखी गई। इसमें प्रबुद्धजनों ने भीलवाड़ा शहर व जिले से प्राप्त मुद्दों को कम्पाइल कर चर्चा की और अन्तिम जन-एजेंडा तैयार किया।
एजेंडे में महिलाओं की सुरक्षा, भीलवाड़ा शहर में एक और ओवरब्रिज बनाने, टेक्सटाइल पार्क विकसित करने एवं पर्यटन की दृष्टि से विकास के मुद्दे प्रमुखता से उठे। प्रबुद्ध प्रहरी बोले, यह एजेंडा विधानसभा चुनाव में उतरे प्रमुख प्रत्याशियों को सौंपा जाएगा और उनसे प्रतिबद्धता ली जाएगी कि यदि वो सरकार में शामिल होते हैं तो सबसे पहले इन प्राथमिकताओं पर काम करेंगे। प्रबुद्धजन ने उम्मीद जताई कि इस जन-एजेंडे के जरिए भीलवाड़ा के विकास को नई दिशा मिलेगी।
भीलवाड़ा का जन-एजेंडा : एक नजर
-भीलवाड़ा शहर की रेलवे लाइन पर एक और ओवरब्रिज बनाने की पहली प्राथमिकता हो, जिससे यातायात व्यवस्था सुगम होगी।
-भीलवाड़ा संभाग मुख्यालय बने, विकास प्राधिकरण की स्थापना हो और हाईकोर्ट की पीठ खोली जाए।
-कोटा में चम्बल तर्ज पर कोठारी नदी पर रिवर फ्रंट विकसित किया जाए।
-उदयपुर की झीलों की तर्ज पर मानसरोवर, गांधी सागर और नेहरू तलाई का विकास हो।
-भीलवाड़ा में टेक्सटाइल पार्क की स्थापना हो। ताकि टेक्सटाइल का नाम देश-दुनिया तक आगे बढ़े। यहां रेडमेड वस्त्रों के उत्पादन को प्रोत्साहान मिले।
-महिलाओं की सुरक्षा के लिए कानून में सख्ती लाई जाएं और अन्य अपराध पर लगाम लगे। -भीलवाड़ा में पर्यटन की संभावनाएं बहुत है, लेकिन पर्यटन नक्शे से गायब है। पर्यटन विकास को बढ़ावा देने की महत्ती जरूरत है।
-महिलाओं के लिए आरक्षण तत्काल लागू किया जाएग। हर जगह आधी आबादी को पूरा हक मिलना चाहिए।
-भीलवाड़ा शहर की वंचित कॉलोनी व मल्टीस्टोरी सोसायटी तथा शाहपुरा जिले के गांवों को भी चम्बल का पानी मिले।
-भीलवाड़ा को मेडिकल सुविधाओं के लिए हब के रूप में विकसित किया जाना चाहिए।
-गुलाबपुरा में केन्द्र की ओर से मेमू कोच फैक्ट्री स्थापना की ओर कदम बढ़े।
-शाहपुरा फूलडोल मेले को राष्ट्रीय व अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिले।
-जिले के कस्बों में रोजगार व स्वरोजगार के साधन बढ़ाने चाहिए। ताकि युवाओं का अन्य राज्यों तक पलायन रूक सके।
-बनेड़ा, मांडलगढ़, जहाजपुर, शाहपुरा के प्राचीन किलों का जीर्णोद्धार हो। ताकि पर्यटन बढ़ सके।
जन-एजेंडे के प्रहरी-
जन एजेंडा बैठक में पर्यावरणविद बाबूलाल जाजू, पूर्व सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी श्यामसुंदर जोशी, गोसेवक गोविंद प्रसाद सोडानी, ट्यूरिज्म ब्लॉगर कमल रामवानी, चेतना जागेटिया, अपर्णा श्याम सुखा, नेहा चौरडिया, नीलम लोढ़ा, दया गौड़, रेखा शर्मा, मनोज शर्मा, गुडविन मसीह, केदार माथुर, विनोद झुर्रानी, आसन दास लिमानी, इकबालसिंह, जितेन्द्र मोटवानी, जॉनी भावनानी, ढालूमल सोनी आदि शामिल रहे। पत्रिका के संपादकीय प्रभारी कानाराम मुण्डियार ने आभार जताया।
Published on:
07 Nov 2023 11:29 am
