
Summer in bhilwara
भीलवाड़ा ।
लगातार तापमान बढऩे और तेज धूप से लू-तापघात की आशंका बढ़ गई है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने डॉक्टरों और विभाग के कर्मचारियों को अलर्ट करते हुए आमजन को बचाव करने के तरीके बताने पर जोर दिया।
सीएमएचओ डॉ.जेसी जीनगर ने डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और आशा सहयोगिनियों से आमजन में जागरुकता लाने और बचाव के साथ-साथ प्राथमिक उपचार सिखाने पर जोर दिया।
डिप्टी सीएमएचओ डॉ. जीएस चावला ने आमजन से कहा कि जहां तक संभव हो धूप में न निकलें, शरीर पूरी तरह से ढ़का हो। बाहर जाते समय सफेद या हल्के रंग के ढीले और सूती कपड़े पहने। बहुत भीड़, गर्म घुटन भरे कमरों से बचें, रेल बस की यात्रा अत्यावश्यक होने पर ही करें, बिना भोजन किए बाहर न निकलें। भोजन करके एवं पानी पीकर ही बाहर निकलें।
दिन में पसीने से बदन झरे, रात में बदरा, गर्मी से फिर भी नहीं मिली राहत
भीलवाड़ा. शहर में बुधवार को दिनभर आसमान में बादलों का डेरा रहा। बादलों के पीछे छिपे सूर्यदेव लुकाछिपी खेलते रहे। इससे तापमापी का पारा साढ़े तीन डिग्री लुढ़क गया। पारा गिरने के बाद भी लोगों को राहत नहीं मिली। दिनभर लोग पसीने में झरते रहे। रात को फिर मौसम ने पलटा खाया और बिजली की चमक और तेज गर्जना के साथ हल्की बारिश हुई। इससे उमस और बढ़ गई और लोग बेहाल हो गए। शहर में बुधवार को अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि मंगलवार को अधिकतम 45 डिग्री था।
शहर में सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर में कुछ देर सूर्यदेव ने दर्शन दिए, लेकिन फिर से बादलों ने आगोश में ले लिया। बादल छाए रहने से गर्मी बढ़ गई। रात नौ बजे बाद मौसम में परिवर्तन हुआ और बिजली की तेज गर्जना के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ। हल्की बारिश देख लोगों का मन हर्षा गया।
Published on:
13 Jun 2019 06:13 am
