3 जनवरी 2026,

शनिवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

400 कलाकार पेश करेंगे शिव महिमा, बहुमंजिला मंच पर होगा भव्य कार्यक्रम

शंकर,एहसान, लॉय गीतों से बांधेंगे समां, मध्यप्रदेश का 67वां स्थापना दिवस के अवसर पर होंगे कार्यक्रम

2 min read
Google source verification
shiv_mahima.png

शंकर,एहसान, लॉय गीतों से बांधेंगे समां

भोपाल. मंगलवार को मध्यप्रदेश का 67वां स्थापना दिवस है। इसकी खुशी प्रदेशभर में एक सप्ताह तक मनाई जाएगी। राज्यस्तरीय मुख्य कार्यक्रम स्थानीय लाल परेड मैदान में मंगलवार को होगा। इसमें शिव महिमा नृत्य नाट्य प्रस्तुत किया जाएगा। नई दिल्ली की कोरियोग्राफर मैत्रेयी पहाड़ी के निर्देशन में 400 कलाकार नृत्य नाटक प्रस्तुत करेंगे। गायक.संगीतकार शंकर, एहसान और लॉय की तिकड़ी भी अपने बैंड के जरिए प्रस्तुति देगी। प्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर राजधानी समेत मध्यप्रदेश के सभी सरकारी भवनों पर रोशनी की जाएगी। स्थापना दिवस पर सभी जिलों में लगातार सात दिन तक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

बहुतलीय मंच और सेट द्वारा संयोजित प्रस्तुति
कोरियोग्राफर मैत्रेयी पहाड़ी के निर्देशन में 400 कलाकारों द्वारा शिव महिमा नृत्य नाटिका संयोजित है। यह कार्यक्रम शाम 7 बजे से शुरू होगा। शून्य से शिव, शिव से कालातीत महाकाल की कथा नृत्य संगीत व 3डी तकनीकी संयोजन के साथ प्रस्तुत की जाएगी। ये बहुतलीय मंच और सेट द्वारा संयोजित किया जाएगा।

18 हजार की बैठक व्यवस्था
आयोजन में इस बार अतिविशिष्ट और विशिष्ट को छोड़कर बाकी लोगों के लिए पास की जरूरत नहीं होगी। कोई भी व्यक्ति मैदान में प्रवेश कर सकेगा। इसके लिए 18 हजार लोगों की बैठक व्यवस्था रहेगी। पहले आओ पहले पाओ के आधार पर दर्शक जगह ले सकेंगे।

लाड़ली लक्ष्मी बनेगी लिंक रोड 2 की पहचान
प्रदेश के स्थापना दिवस समारोह के अंतर्गत अब राजधानी की लिंक रोड नंबर दो लाड़ली लक्ष्मी पथ के नाम से जानी जाएगी। दो नवंबर को सीएम शिवराज सिंह सड़क का नामकरण करेंगे। कार्यक्रम भारत माता चौराहा पर होगा। बाद में रवीन्द्र भवन में राज्य स्तरीय लाड़ली लक्ष्मी प्रोत्साहन राशि वितरण कार्यक्रम होगा। इसमें कॉलेज जाने वाली डेढ़ हजार लाड़लियां और उनके अभिभावक शामिल होंगे। मुख्यमंत्री कॉलेज जाने वाली बेटियों को 12 हजार 500 रुपए की प्रोत्साहन राशि देंगे। प्रदेश में 42 लाख लाडली लक्ष्मी हैं। इनमें से करीब डेढ़ हजार बालिकाओं ने इस साल कॉलेज में प्रवेश लिया है। इन्हें कॉलेज की पढ़ाई पूरी होने पर फिर से 12 हजार 500 रुपए दिए जाएंगे।