28 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एमपी में मार्च की सभी छुट्टियां रद्द, शनिवार-रविवार और होली-रामनवमी का भी नहीं मिलेगा अवकाश

Holidays- स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कंपनी कार्यक्षेत्र के सभी जिलों में बिजली वितरण केंद्र, बिल भुगतान केंद्र अवकाश के दिनों में खुले रहेंगे

2 min read
Google source verification
All March holidays cancelled in MP including Holi and Ramnavami

All March holidays cancelled in MP including Holi and Ramnavami- प्रतीकात्मक तस्वीर

Holidays- एमपी में मार्च की सभी छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने 16 जिलों में ये आदेश जारी किया है। इसके अनुसार कंपनी कार्यक्षेत्र में मार्च में सभी अवकाश दिनों में भी बिजली बिल भुगतान केंद्र खुलेंगे। सभी शनिवार, रविवार और होली व रामनवमी को भी सामान्य दिनों की तरह कामकाज होगा। कंपनी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कंपनी कार्यक्षेत्र के सभी जिलों में बिजली वितरण केंद्र, बिल भुगतान केंद्र अवकाश के दिनों में खुले रहेंगे। बिजली उपभोक्ता राजधानी के जोनल आफिस में पीओएस (pos) मशीन से कैश के जरिए बिल भुगतान तथा ऑनलाइन माध्यम से भी बिल भुगतान कर सकते हैं।

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कार्यक्षेत्र के अंतर्गत 7 मार्च, 14 मार्च, 21 मार्च, 28 मार्च के शनिवार एवं 1 मार्च, 8 मार्च, 15 मार्च, 22 मार्च तथा 29 मार्च को रविवार के दिन अवकाश नहीं रहेगा। इतना ही नहीं, 3 मार्च को होली, 19 मार्च गुड़ी पड़वां, 20 मार्च जमात- उल-विदा, ईद उल-फितर के ठीक पूर्व का दिवस, रानी अवंती बाई बलिदान दिवस, 27 मार्च रामनवमी तथा 31 मार्च महावीर जयंती पर भी बिल भुगतान केंद्रों पर सामान्य दिनों की तरह कार्य होगा। इसके लिए सभी मैदानी महाप्रबंधकों को निर्देशित किया गया है।

भोपाल शहर वृत्त के अंतर्गत चारों शहर संभाग यथा पश्चिम, पूर्व, दक्षिण तथा उत्तर संभाग के अंतर्गत सभी जोनल कार्यालय भी अवकाशों में सामान्य कार्य दिवस की तरह खुले रहेंगे। दानिश नगर, मिसरोद, मण्डीदीप में बिल भुगतान केंद्रों पर भी उक्त अवकाशों के दिन बिल जमा किए जाएंगे।

ऑनलाइन भुगतान पर छूट

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा निम्नदाब घरेलू उपभोक्ताओं को ऑनलाइन भुगतान करने पर उनके कुल बकाया बिल पर 0.50 प्रतिशत की छूट प्रदान की जा रही है। साथ ही अधिकतम छूट के लिए कोई सीमा बंधन नहीं है। इसी प्रकार उच्चदाब उपभोक्ताओं को प्रति बिल कैशलेस भुगतान पर 100 रूपये से 1000 रुपये तक की छूट दी जा रही है।

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने उपभोक्ताओं से बिजली का बिल ऑनलाइन भुगतान करने की अपील की है। कंपनी ने कहा है कि उपभोक्ताओं को एमपी ऑनलाइन, कॉमन सर्विस सेन्टर, कंपनी पोर्टल portal.mpcz.in (नेट बैंकिंग, क्रेडिट/डेबिट कार्ड, यूपीआई, ईसीएस, बीबीपीएस, कैश कार्ड एवं वॉलेट आदि) फोन पे, अमेजान पे, गूगल पे, वॉट्सऐप पे, पेटीएम एप एवं उपाय मोबाइल एप के माध्यम से बिल भुगतान की सुविधा उपलब्ध है।