
bharat bandh live update
भोपाल। सुप्रीम कोर्ट द्वारा अनुसूचित जाति-जनजाति एक्ट को लेकर दिए गए फैसले के खिलाफ दलित संगठनों ने सोमवार को देशभर में बंद के दौरान मध्यप्रदेश के कई शहरों में हिंसा के साथ उपद्रव हो गया। इस दौरान पांच लोगों के मारे जाने की खबर है। स्थिति बिगड़ते देख ग्वालियर और भिंड में प्रशासन को कर्फ्यू लगाना पड़ा। कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ गया है। इधर, मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर लोगो से शांति बनाए रखने की अपील कर आपात बैठक बुलाई है।
मुरैना के रामनगर में एक युवक की गोली लगने से मौत के बाद लोगों का गुस्सा बढ़ गया, जबकि भिंड में हालात बेकाबू होने के बाद प्रशासन ने कर्फ्यू लगा दिया । ग्वालियर में भी स्कूल बस समेत कई वाहनों को आग के हवाले करने के बाद तीन थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा दिया गया, जबकि पूरे शहर में धारा 144 लगा दी गई है। कई जगह आसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को तितर-बितर करना पड़ा है। हालात बेकाबू होते देख शहर में सेना बुला ली गई है। ग्वालियर में इंटरनेट और मोबाइल सेवाएं बंद कर दी गई है।
इसके अलावा भोपाल, विदिशा, मुरैना, भिंड और बदनावर समेत कई शहरों में सुबह से ही दुकानें बंद हैं। वहां प्रदर्शनकारी एकत्र हो रहे हैं। होटल और चायपान की दुकानें नहीं खुल पाई हैं। हालांकि प्रशासन ने सुबह से ही बंद को देखते हुए प्रदर्शनकारियों पर नजर रखना शुरू कर दी है।
LIVE UPDATE
-भिंड, मुरैना और ग्वालियर में पांच लोगों की मौत की खबर।
-ग्वालियर में उपद्रव के दौरान एक युवक को गोली मारी। गंभीर रूप से अस्पताल में भर्ती।
-ग्वालियर में दो पत्रकारों की बाइक में लगाई आग।
-ग्वालियर में टेलीकाम सेवाएं कुछ समय के लिए बंद।
-मुरैना में उपद्रव के दौरान एक युवक की गोली लगने से मौत।
-भिंड में उपद्रव से हालात बिगड़े, कर्फ्यू लगाना पड़ा।
-ग्वालियर के तीन थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगाना पड़ा। स्कूल बस समेत कई वाहनों में आग लगाने के बाद सेना ने संभाला मोर्चा।
-मुरैना रेलवे स्टेशन पर पथराव और गोलीबारी।
-कई ट्रेनें स्टेशनों पर ही रुक गई हैं। यात्री परेशान हो रहे हैं।
ग्वालियर में हालात बेकाबू, शहर सेना के हवाले
ग्वालियर में प्रदर्शिकारियों के उपद्रव के कारण हालात बेकाबू हो गए हैं। एक स्कूल बस समेत कुछ मोटरसाइकिलों में आग लगाने के बाद पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। रेलवे स्टेशन पर भी पथराव होने के कारण छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस एक घंटे से स्टेशन पर ही खड़ी है। पूरे शहर में धारा 144 लगा दी गई है। सेना को शहर में स्थिति को काबू करने के लिए बुला लिया गया है।
मुरैना के सेना के साथ ही बजरंग दल के लोगों ने रामनगर और आसपास के इलाकों में मोर्चा संभाल रखा है। भिंड में हालात को काबू करने के लिए ग्वालियर के तीन थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगाना पड़ा है।
भिंड में भीम सेना और बजरंगदल आमने सामने
इससे पहले सुबह भिंड में भीम सेना के लोगों ने रैली निकालने की कोशिश की, तो सामने बजरंग दल के लोग भी जमा हो गए थे। भीम सेना के लोगों ने दुकानों में तोड़फोड़ की और पथराव भी हुआ। यहां भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मुरैना में भी जबरन दुकानें बंद कराने के लिए दुकानों पर पथराव की सूचना आ रही है।
भिंड और श्योपुर में प्रदर्शन की तैयारी
खबर है कि श्योपुर में अजाजजा व पिछड़ा वर्ग महासंघ पूरे शहर में रैली निकालने वाला है। भारत बंद के मद्देनजर किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं भिंड में भी बंद के दौरान प्रदर्शन के खबर है।
डबरा में उपद्रव
डबरा में बंद के दौरान उपद्रव की खबर है। सड़कों पर प्रदर्शनकारियों की भारी भीड़ जमा हो गई है। बसो में तोड़ फोड़ की भी खबर है। सैकड़ों की संख्या में उपद्रवी थाना परिसर में घुस गए और तोड़फोड़ करने की कोशिश की। इसके अलावा कई दुकानों पर पथराव किया। इसे देखते हुए भारी पुलिस बल भी सड़कों पर उतर आया है। इस क्षेत्र में लाठी चार्ज की संभावना जताई गई है।
विदिशा में नाश्ते के लिए तरसे लोग
इधर, विदिशा से खबर है कि भारत बंद के दौरान सुबह से ही बड़ा बाजार की चाय-नाश्ता की दुकानें नहीं खुली हैं। रोज काम ? पर जाने वाले लोग परेशान हो रहे हैं। विदिशा के माधवगंज पर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जमा हो गए और रैली निकाल रहे थे। रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
उज्जैन और बदनावर में जबरन बंद कराई दुकानें
हमारे उज्जैन और बदनावर संवाददाता ने खबर दी है कि सुबह से ही भीम सेना के लोग सड़कों पर एकत्र होना शुरू हो गए थे। यहां देखते ही देखते भीड़ बेकाबू हो गई और उन्होंने कुछ खुली हुई दुकानों पर पथराव कर दिया। वे जबरन दुकान बंद कराना चाहते थे। पुलिस के पहुंचते ही भीड़ को तितर-बितर कर दिया गया। खबर लिखे जाने तक वहां अफरा-तफरी का माहौल था।
सागरः दुकान में आग लगाई
सागर के कटरा में भी दुकानों में तोड़फोड़ के बाद अब हालात सामान्य हो रहे हैं। आटो चैम्पियन शुरू हो गए हैं, लेकिन दुकानें अब भी बंद है। इधर भगवानगंज की शराब दुकान में तोड़फोड़ करने की खबर है, उपद्रवियों ने दुकान के भीतर रखी पेटियों को बाहर फेंक दिया और आग के हवाले कर दिया।
इधर, सदर के माड़िया विट्ठलनगर में सड़क पर टायर रखकर लगाई आग। झांसी रोड पर कलेक्टर और एसपी ने पहुंचकर रास्ता खुलवाया।
इधर, बीना में बंद का असर देखने को नहीं मिला। यहां एससी, एसटी संघ ने शहर के प्रमुख मार्गों से रैली निकालकर नारेबाजी की।
रीवा में दुकानदारों से झड़प
भारत बंद के दौरान दुकान खुली करके बैठे कुछ दुकानदार और प्रदर्शनकारियों में झड़प की भी खबर है। इसके अलावा पूरे शहर में बंद का व्यापक असर देखने को मिला। प्रदर्शनकारियों ने जुलूस निकालकर जबरन दुकानें बंद कराई। यहां भी भारी पुलिस बल तैनात था।
गुना में पोस्टर फाड़े
गुना के हाट रोड ओर सदर बाजार में प्रदर्शनकारियों ने कई दुकानों में तोड़फोड़ की। शटर पर लाठियां बरसाई। एक मोबाइल दुकान पर तोड़फोड़ कर दुकान मालिक दीपक रजक के साथ की मारपीट की गई। 2 मोबाइल और 15 हज़ार लूट लिए। गुस्साए व्यापारियों ने कोतवाली का घेराव किया। कोतवाली के सामने ही व्यापारी ओर आंदोलनकारी आमने-सामने आ गए थे। इधर, हनुमान चौराहे पर लगे भगवान के पोस्टरों को फाड़ने से तनाव की स्थिति बन गई थी। हालांकि पुलिस ने तनाव बढ़ने नहीं दिया।
अशोकनगर में चार पुलिस अधिकारी घायल
प्रदर्शनकारियों ने जुलूस निकालकर जबरन दुकानें बंद कराई। कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। इससे पहले हुए पथराव के दौरान लाठीचार्ज कर पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। पथराव में एसडीओपी हेमंत तिवारी घायल हो गए। उनके साथ ही आरआई रंजीत सिंह, सीआई अनिल भदौरिया, एसआई दिनेश गुर्जर भी घायल हो गए।
बड़वानी में एसडीएम ने खुलवाई दुकानें
बड़वानी से खबर है कि सुबह से बंद दुकानों को एसडीएम ने खुवावा दिया। हालांकि पुलिस को व्यापारियों के विरोध का भी सामना करना पड़ा।
जबरन बंद कराई दुकानें
मध्यप्रदेश के बदनावर से खबर है कि सोमवार सुबह दुकानें खोलने पर प्रदर्शनकारियों ने दुकानों को जबरन बंद करवा दिया। हालांकि थोड़ी देर में ही पुलिस ने वहां स्थिति पर काबू पा लिया।
भोपाल में बंद का असर
इधर, सोमवार को सुबह से ही भोपाल में बंद का असर देखने को मिला। होटल और चाय-पान की दुकानें भी बंद थी, लेकिन 9.15 बजे तक एक-दो दुकानें खुलती हुई नजर आई। हालांकि पुलिस ने भोपाल में भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। प्रदर्शनकारियों की हर गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
इंदौर- राजबाड़ा पर जुटे प्रदर्शनकारी
इधर, खबर है कि सुबह से ही सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ कई प्रदर्शनकारी राजबाड़ा में जुटना शुरू हो गए थे। वे वहां नारे लगाते हुए दुकानें बंद करा रहे थे। पूरे राजबाड़ा क्षेत्र की दुकानें सुबह से ही बंद हैं। लोग चाय-नाश्ते के लिए भी तरस गए हैं। हालांकि राजबाड़ा के अलावा अन्य क्षेत्रों में सुबह से चाय-नाश्ते की दुकानें खुली हैं।
आरक्षण के विरोध में दस लाख लोग देंगे शपथ पत्र
इधर, भोपाल में ब्राह्मण समाज का समागम हुआ जिसमें सर्व ब्राह्मण युवजन सभा के प्रवक्ता चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि ब्राह्मण समाज के लोग एकत्रित होकर मध्यप्रदेश के हर जिले में दौरा करेंगे और कम से कम 10 लाख लोगों से शपथ पत्र लेंगे कि वह आरक्षण के विरोध में हैं। इसे सुप्रीम कोर्ट में दायर करेंगे।
सभा के पं. धर्मेंद्र शर्मा और अध्यक्ष अशोक भारद्वाज ने मंच से कहा कि आरक्षण आर्थिक आधार पर होना चाहिए। पदोन्नति में जो आरक्षण का मामला है, उसे कोर्ट के निर्णय पर सरकार को छोड़ देना चाहिए। समागम में किसान मोर्चा के कक्काजी भी पहुंचे।
Updated on:
02 Apr 2018 03:14 pm
Published on:
02 Apr 2018 10:05 am
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
