
cm mohan yadav address madhya pradesh farmers wheat procurement slot booking
CM Mohan Yadav: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार 24 अप्रैल को प्रदेशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान सीएम मोहन यादव ने मध्यप्रदेश को ही अपना परिवार बताया और कहा कि आपके सुख में ही मेरा सुख है और आपके दुख में ही मेरा दुख है। सीएम मोहन यादव ने आगे कहा प्रदेश सरकार के लिए किसानों का हित सर्वोपरि है और सरकार किसानों के साथ है और आज से सभी किसानों के लिए समर्थन मूल्य पर गेहूं की स्लॉट बुकिंग खोली जा रही है और स्लॉट बुकिंग की तारीख 9 मई तक बढ़ाई जा रही है।
सीएम मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश तेजी से विकास पथ पर आगे बढ़ रहा है। प्रदेश की तीव्र गति के विकास का मुख्य आधार आप सब हमारे प्रिय किसान भाई-बहन हैं, मैं प्रदेश के समस्त अन्नदाताओं को नमन करता हूं। हमारी सरकार किसानों की खुशहाली और उनकी समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है। हम न केवल उनकी आर्थिक उन्नति के लिए संकल्पित हैं, बल्कि उनके जीवन में सुख और आनंद के सूर्योदय का प्रयास कर रहे हैं। सीएम ने कहा कि किसानों की आमदनी बढ़ाए बिना प्रदेश के सर्वांगीण विकास की कल्पना अधूरी है। हमारी सरकार किसानों के हर सुख-दुख में साथ है। इसी का परिणाम है कि मध्यप्रदेश सरकार निरंतर किसान हितैषी ऐतिहासिक निर्णय ले रही है।
सीएम मोहन यादव ने कहा कि आज मैं आपसे ऐसे विषय पर संवाद कर रहा हूं, जो हमारे प्रदेश की आत्मा, हमारे अन्नदाता यानी किसानों से जुड़ा हुआ है। मध्यप्रदेश सरकार किसान हितैषी संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है और इसी भावना के साथ इस वर्ष को किसान कल्याण वर्ष के रूप में समर्पित किया गया है। मैं आपसे ये साझा करना चाहता हूं कि प्रदेश में रिकॉर्ड गेहूं उत्पादन को देखते हुए, हमने केंद्र सरकार से खरीदी की सीमा बढ़ाने का आग्रह किया था। मुझे यह बताते हुए प्रसन्नता है कि किसानों के हित को सर्वोपरि रखते हुए गेहूं उपार्जन का लक्ष्य 78 लाख मीट्रिक टन से बढ़ाकर 100 लाख मीट्रिक टन कर दिया गया है। यह 22 लाख मीट्रिक टन की अभूतपूर्व वृद्धि न केवल हमारे किसानों की मेहनत का सम्मान है, बल्कि उनकी आय को सुनिश्चित करने की दिशा में एक ठोस कदम भी है। इसके लिए मैं यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और भारत सरकार का आभार व्यक्त करता हूं।
सीएम मोहन यादव ने प्रदेशवासियों के संबोधन के दौरान किसानों को खुशखबरी देते हुए कहा कि आज से ही पूरे प्रदेश के छोटे-बड़े सभी किसान भाइयों के लिए समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए स्लॉट बुकिंग पूरी तरह से खोली जा चुकी है। गेहूं उपार्जन अब सप्ताह में 6 दिन होगा और शनिवार को अवकाश नहीं रहेगा। उपार्जन केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर गेहूं का उपार्जन निर्बाध रूप से जारी रहेगा, साथ ही 30 अप्रैल तक होने वाली स्लॉट बुकिंग को 9 मई तक बढ़ा दिया गया है। किसान भाइयों को कोई समस्या न हो, यह हमारी सरकार का संकल्प है और राज्य सरकार सदैव किसानों के साथ है।
सीएम मोहन यादव ने आगे कहा कि हमारी सरकार ने भू-अर्जन को भी लेकर एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है। अब किसानों को उनकी भूमि के बदले 4 गुना तक मुआवजा दिया जाएगा। यह निर्णय किसानों के अधिकारों की रक्षा और उनके भविष्य को सुरक्षित करने के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सीएम ने कहा कि यह सिर्फ निर्णयों की सूची नहीं बल्कि उस विश्वास की कहानी है जो हमारी सरकार और किसानों के बीच मजबूत हो रहा है। सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, फसल विविधीकरण को बढ़ावा, आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रसार इन सभी क्षेत्रों में हम निरंतर आगे बढ़ रहे हैं।
सीएम मोहन यादव ने आगे कहा कि प्रदेश को मिल्क कैपिटल बनाने की दिशा में हम निरंतर नवाचारों के साथ आगे बढ़ रहे हैं। हमने दूध उत्पादन से लेकर संकलन बढ़ाने के प्रयास किए हैं। हमने 1752 नई दुग्ध समितियों का गठन किया है। हमारा प्रतिदिन का दूध संकलन 10 लाख किलोग्राम से अधिक पुहंच गया है और दूध उत्पादक किसान भाईयों को 1600 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का भुगतान किया गया है, क्योंकि किसानों को अब दूध का दाम प्रतिकिलो 8 से 10 रुपये बढ़कर मिल रहा है। सीएम ने कहा कि ये सिर्फ आंकड़े नहीं बल्कि मध्यप्रदेश को मिल्क कैपिटल बनाने की दिशा में क्रांतिकारी कदम हैं।
Updated on:
24 Apr 2026 09:31 pm
Published on:
24 Apr 2026 09:19 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
