
Cyber Fraud (घरेलू सेवाओं के नाम पर साइबर फ्रॉड Photo Source- Patrika)
Bhopal News :मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में साइबर ठगों द्वारा अब सरकारी और घरेलू सेवाओं के नाम पर लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। शहर के ईंटखेड़ी थाना इलाके में गैस कनेक्शन अपडेट कराने का झांसा देकर एक टेंट हाउस संचालक से 50 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
तिरुपति धाम कॉलोनी लांबाखेड़ा में रहने वाले 42 वर्षीय राकेश सिंह पाल टेंट हाउस का व्यवसाय करते हैं। 31 जुलाई को उनके वाट्सएप पर घरेलू गैस कनेक्शन का सत्यापन और अपडेट करने के नाम पर एक लिंक भेजी गई। लिंक खोलने पर उन्होंने मांगी गई जानकारी भर दी। इसके बाद गैस कनेक्शन अपडेट शुल्क जमा करने का विकल्प दिखाई दिया। भुगतान सफल नहीं हुआ, लेकिन कुछ ही देर में उनके केनरा बैंक खाते से 50 हजार रुपए किसी अज्ञात खाते में ट्रांसफर हो गए। रकम कटने का मैसेज मिलने पर उन्हें ठगी का पता चला।
शहर के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र की सेमरा कला निवासी 18 वर्षीय प्रियंका मोबाइल पर आए एक विज्ञापन पर क्लिक कर बैठीं। इसके बाद ठग ने फोन कर उन्हें झांसे में लिया और उनके खाते से करीब दो लाख रुपए निकाल लिए। इसी क्षेत्र के मयूर बिहार निवासी 38 वर्षीय असीमा निशा को रिश्तेदार बनकर कॉल किया गया और जरूरत का हवाला देकर 50 हजार रुपए ठग लिए गए। वहीं विनायक हो्स निवासी 52 वर्षीय मंदा सरदार को बैंक का फर्जी ङ्क्षलक भेजकर 94 हजार 89 रुपए की ठगी कर ली गई।
वहीं, शहर के बागसेवानिया थाना इलाके के अंतर्गत आने वाली राजाभोज कॉलोनी में रहने वाले 33 वर्षीय शिल्पी जैन का मोबाइल हैक कर साइबर ठगों ने उनके खाते से 2 लाख 49 हजार रुपए निकाल लिए। साइबर पुलिस का कहना है कि सभी मामलों में बैंक ट्रांजेक्शन, मोबाइल नंबर और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
Updated on:
08 Aug 2026 01:47 pm
Published on:
08 Aug 2026 01:47 pm
