
कोरोना से लड़ते हुए शहीद हुए थाना प्रभारी देवेन्द्र चन्द्रवंशी, DGP ने दी श्रद्धांजलि
भोपाल/ मध्य प्रदेश में एक तरफ जहां कोरोना वायरस बहुत तेजी से अपने पांव पसार रहा है। वहीं, कई ऐसे कर्मवीर भी है, जो इस वैश्विक महामारी से लड़ने में जी जान से जुटे हैं। ये कर्मवीर आमजन को संक्रमण से बचाने में जी जान से जुटे हैं। इस जिम्मेदारी को निभाने में ये अपनी जान की परवाह भी नहीं कर रहे हैं। इन्हीं में से एक थे इंदौर के जूनी थाना के प्रभारी देवेन्द्र कुमार चंद्रवंशी, जो इलाके के आमजन को कोरोना से मुक्त रखने की जद्दोजहद में कब खुद उसकी चपेट में आ गए, उन्हें पता नहीं चल सका। आखिरकार कोरोना से जंग लड़ते-लड़ते आखिरकार उनकी जान चली गई। फिलहाल, पुलिस महानिदेशक (DGP) विवेक जौहरी ने पूरे पुलिस परिवार की ओर से दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
शोक संदेश में कहा-
पुलिस महानिदेशक विवेक जौहरी ने पूरे पुलिस परिवार की ओर से तत्कालीन थाना प्रभारी देवेन्द्र कुमार को कोटिशः नमन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि, इंदौर के जूनी थाना प्रभारी देवेन्द्र कुमार चंद्रवंशी ने वैश्विक महामारी कोरोना के खिलाफ साहस पूर्वक लड़ाई लड़ते हुए कर्तव्य की बलिवेदी पर अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि, हमारे बहादुर युवा पुलिस अधिकारी के आसामयिक निधन से पूरा मध्यप्रदेश पुलिस परिवार स्तब्ध और शोकाकुल है। उनके द्वारा प्रदर्शित कर्तव्य परायणता एवं साहस से हम सभी गौरवान्वित हुए हैं।
'अस्पताल में रहकर भी रखते थे लोगों की चिंता'
डीजीपी जौहरी ने कहा कि, 'श्री देवेन्द्र अस्पताल में भर्ती रहते हुए भी निरंतर अपने कर्मचारियों की चिंता और अपने थाना क्षेत्र में इस आपदा के प्रबंधन में शामिल रहना चाहते थे। वरिष्ठ अधिकारियों के बहुत अनुरोध पर ही उन्होंने अपना फ़ोन सौंपा। अस्पताल में भी वो सभी को प्रोत्साहित करते रहे, उनके आकस्मिक निधन से अस्पताल कर्मी भी अश्रुपूरित थे। डीजीपी ने कहा कि, ईश्वर उनके परिवार को ये घोर दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करे। उन्होंने शोकाकुल परिवार हिम्मत देते हुए कहा कि, इस मुश्किल घड़ी में मध्य प्रदेश पुलिस उनके परिवार के साथ है।
लोगों को संक्रमण से बचाने करते रहे प्रयास
बता दें कि, जूनी इंदौर थाना प्रभारी श्री देवेन्द्र कुमार ड्यूटी के दौरान कोरोना से संक्रमित हो गए थे। इसके बाद इंदौर के अरविंदो अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, जहां शनिवार की रात करीब 1.30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
Updated on:
19 Apr 2020 10:41 pm
Published on:
19 Apr 2020 10:41 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
