
दमोह जिले के पथरिया विधानसभा सीट से बसपा की विधायक रामबाई सिंह परिहार मुश्किल में आ गई हैं। उनके खिलाफ FIR दर्ज हुई है। एक दिन पहले नगर परिषद अध्यक्ष के साथ उनका विवाद हो गया था। इस बीच विधायक ने अपने गनमैन की रिवाल्वर छीनने की भी कोशिश की थी और जमकर गालीगलौज की थी। इसका वीडियो वायरल होने के बाद रामबाई परिहार और तीन पार्षदों के खिलाफ पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
दरअसल, सोमवार को पथरिया से बसपा विधायक रामबाई सिंह परिहार पथरिया के नगर परिषद कार्यालय गई थीं। उन पर सड़क निर्माण करने वाले ठेकेदार से 5 लाख रुपए मांगने के आरोप लग रहे थे। इसी सिलसिले में परिषद के अध्यक्ष सुंदरलाल विश्वकर्मा से उनकी चर्चा होने लगी। इस बात को लेकर दोनों में काफी बहस होती रही और बात विवाद तक पहुंच गई।
नगर परिषद अध्यक्ष सुंदरलाल विश्वकर्मा ने आरोप लगाया कि विधायक रामबाई ने ठेकेदार से सड़क निर्माण के नाम पर 5 लाख रुपए मांगे हैं। इसकी जानकारी ठेकेदार ने सुंदरलाल विश्वकर्मा को दी थी। इस बात को लेकर दोनों में जमकर विवाद हो गया। रामबाई के सामने ठेकेदार इस बात से इनकार करने लगा तो मामला इतना बढ़ा कि गालीगलौज तक पहुंच गया। तभी रामबाई ने अपने गनमैन की रिवाल्वर छीनने की कोशिश की। विश्वकर्मा भी लड़ने के लिए खड़े हो गए थे। इस बीच, नगर परिषद सीएमओ और वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवा दिया।
इन पर दर्ज हुआ केस
सोमवार शाम को ही नगर परिषद अध्यक्ष की शिकायत पर बसपा विधायक के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। रामबाई के अलावा तीन पार्षदों के खिलाफ भी शासकीय कार्य में व्यवधान, शासकीय दस्तावेज फाड़ने, जान से मारने की धमकी समेत अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। जिन पार्षदों के खिलाफ प्रकरण दर्ज हुआ है उनमें एक भाजपा, एक कांग्रेसी और एक बहुजन समाज पार्टी का पार्षद शामिल है।
यह भी पढ़ेंः
हमेशा चर्चाओं में रहती हैं रामबाई
बसपा विधायक रामबाई अपने तेवरों के कारण हमेशा सुर्खियों में बनी रहती हैं। एक दिन पहले भी कस्तूरबा गांधी गर्ल्स हास्टल की छात्राओं का खुले में नहाते वीडियो वायरल हुआ था। दलित नाबालिग बच्चियों के आपत्तिजनक वीडियो सामने आने के बाद सुरक्षा पर भी सवाल उठने लगे थे। रामबाई ने होस्टल का निरीक्षण किया और वार्डन के साथ जमकर बहस भी की। इसका भी वीडियो वायरल हो रहा है। रामबाई ने होस्टल के भीतर देखा कि होस्टल में अव्यवस्थाएं हैं। तभी आटे में कीड़े देखकर वार्डन पर भड़क गईं। रामबाई ने राज्य सरकार पर भी निशाना साधा। कहा कि होस्टल में खुद की बेटी होती तो प्रशासन क्या करता?
पहले भी दर्ज हुई एफआईआर
इससे पहले रामबाई के खिलाफ पहले भी एफआईआर दर्ज हो चुकी है। उन पर कलेक्टर के साथ अभद्रता का आरोप लगा था। रामबाई के खिलाप यह मामला कोतवाली में दर्ज हुआ था। रामबाई ने कलेक्टर के सामने कहा था कि आंखें फूट गई क्या? कलेक्टर हो कि ढोर। उन्होंने कलेक्टर को अपशब्दों के साथ संबोधन किया था। इस घटना के बाद रामबाई ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि जनता के कामों के लिए वे फांसी भी चढ़ने को तैयार हैं। उन्हें धाराओं से कोई फर्क नहीं पड़ता।
यह भी पढ़ेंः
Updated on:
18 Jul 2023 12:49 pm
Published on:
18 Jul 2023 12:42 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
