
भोपाल। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय के पूर्व प्रोफेसर पुष्पेंद्र पाल सिंह (pushpendra pal singh) का हार्ट अटैक से निधन हो गया। उनके निधन से मंगलवार को पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पीपी सिंह के घर पहुंचे, जहां उनके परिजनों से मिलकर भावुक हो गए।
भोपाल में मंगलवार को 12.30 बजे पुष्पेंद्र पाल सिंह का अंतिम संस्कार भदभदा विश्राम घाट पर किया गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पीपी सिंह की अंतिम दर्शन करने उनके निवास पर गए और परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री भी भावुक हो गए थे। गौरतलब है कि पीपी सिंह मुख्यमंत्री के ओएसडी भी रह चुके हैं।
माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय में पत्रकारिता विभाग के विभागाध्यक्ष रह चुके हैं। 2015 में वे मध्यप्रदेश जनसंपर्क विभाग में मुख्यमंत्री के ओएसडी भी नियुक्त किए गए थे। पब्लिक रिलेशन्स सोसायटी आफ इंडिया के मध्यप्रदेश चैप्टर के अध्यक्ष भी थे। पत्रकारिता के अनगिनत छात्रों को उन्होंने पढ़ाई के साथ ही उपयुक्त रोजगार दिलाने में भी मदद की। साहित्यिक सांस्कृतिक गतिविधियों से उनका गहरा लगाव रहा है। मध्यप्रदेश हिन्दी साहित्य सम्मेलन ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।
हार्ट अटैक से हुआ निधन
पुष्पेंद्र पाल सिंह के परिवार के लोगों ने बताया कि सोमवार देर रात को उन्हें हार्ट अटैक आया था। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डाक्टरों की रातभर कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। अपने छात्रों और पत्रकारिता जगत में वे पीपी सर के नाम से चर्चित थे।
शिवराज सिंह ने जताया दुख
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार सुबह ट्वीट कर पीपी सर के निधन पर शोक व्यक्त किया है। शिवराज ने अपने ट्वीट संदेश में लिखा है कि हिन्दी पत्रकारिता जगत के लिए बड़ी क्षति। श्री पुष्पेंद्र पाल सिंहजी मेरे लिए एक मित्र औरपरिवार की तरह थे, उनका असमय जाना मेरी व्यक्तगत क्षति है। एक योग्य, सरल और कर्मठ व्यक्तित्व, जिन्हें जो भी जिम्मेदारी दी गई, उसे उत्कृष्टता के साथ उन्होंने पूरा किया। श्री पुष्पेंद्र पाल सिंह जी अपने आप में पत्रकारिता का एक संस्थान थे। उन्होंने प्रदेश और प्रदेश के बाहर पत्रकारिता के अनेकों विद्यार्थी गढ़े। विद्यार्थियों के बीच पीपी सर के नाम से प्रसिद्ध एक योग्य गुरु का जाना स्तब्ध कर गया। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत श्री पुष्पेंद्र पाल सिंह जी को अपने श्री चरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करे। वे अपने कार्यों और विचारों के माध्यम से सदैव हम सबके हृदय में रहेंगे।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने किया ट्वीट
मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद वीडी शर्मा ने भी पुष्पेंद्र पाल सिहं के निधन पर दुख व्यक्त किया है। वीडी शर्मा ने अपने ट्वीट संदेश में कहा है कि माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल के पूर्व प्राध्यापक, 'रोज़गार और निर्माण' समाचार पत्र के संपादक प्रो. पुष्पेन्द्रपाल सिंह जी के निधन के समाचार से स्तब्ध हूं। ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान व शोकमय परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति दें।
कमलनाथ ने दुख व्यक्त किया
इधर मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ ने भी पीपी सिंह के निधन पर दुख व्यक्त किया है। कमलनाथ ने अपने ट्वीट संदेश में कहा है कि पत्रकारिता एवं जनसंपर्क में मध्यप्रदेश में अपना अद्वितीय स्थान रखने वाले श्री पुष्पेंद्र पाल सिंह के असमय निधन का समाचार प्राप्त हुआ। श्री सिंह व्यक्ति ही नहीं संस्था थे। पत्रकारों की पूरी पीढ़ी तैयार करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
मैं ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति एवं परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। ओम शांति
Updated on:
07 Mar 2023 02:21 pm
Published on:
07 Mar 2023 11:22 am
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
