
एमपी के 22 जिलों में भारी बारिश (फोटो सोर्स: Patrika)
MP Weather Update :मध्य प्रदेश के पूर्वी इलाके में स्ट्रॉन्ग मानसूनी सिस्टम एक्टिव होने से जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के जिलों में भारी बारिश का दौर जारी है। कई जिलों में बाढ़ के हालात है। सतना में हालात बेकाबू हैं। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी खतरे के निशान से ऊपर बहने से कई इलाके जलमग्न हैं तो वहीं रामघाट पर करीब 400 दुकानें और 20-25 होटल डूब में हैं। हालात को मद्देनजर रखते हुए सतना में सभी आंगनवाड़ी, स्कूल और कॉलेजों की 2 और 3 सितंबर को छुट्टी घोषित कर दी गई है। वहीं, मौसम विभाग ने आज फिर सतना और रीवा के लिए दो दिन अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
राजधानी भोपाल स्थित राज्य मौसम केंद्र की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को प्रदेश के सीधी, पन्ना, कटनी, उमरिया, डिंडौरी, मंडला और सिवनी में भारी बारिश दर्ज की गई। कुछ इलाकों में 4 इंच तक बारिश रिकॉर्ड की गई है।
मौसम विशेषज्ञों की माने तो 2 सितंबर यानी आज प्रदेश के पूर्वी इलाकों के लिए तेज बारिश की संभावना जताई गई है। इनमें विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, सागर, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, जबलपुर, सतना, रीवा, छतरपुर, मऊगंज, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर और बालाघाट में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
साथ ही, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग के कुछ जिलों में भी तेज बारिश से लेकर हल्की बारिश की संभावना है। इनमें भोपाल, सीहोर, राजगढ़, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, पांदुर्णा, मैहर, दमोह, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिले शामिल हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया एक्टिव है। वहीं, दक्षिणी हिस्से से एक ट्रफ भी गुजर रही है। ऊपरी हिस्से में मानसून ट्रफ सक्रिय है। इस वजह से प्रदेश में बारिश का दौर जारी है। आगामी तीन दिन यही सिस्टम मजबूती से पूर्वी हिस्से से होते हुए पश्चिमी हिस्से में बारिश का सिलसिला जारी रखेंगे।
विभाग की माने तो आज यानी 2 सितंबर को प्रदेश के पूर्वी हिस्से में तेज बारिश का दौर देखने को मिलेगा। जबकि, कल यानी 3 सितंबर से ये सिस्टम आगे बढ़ते हुए पश्चिमी राज्य में सक्रीयता बढ़ाएगा। इसके प्रभाव से भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, सागर, नर्मदापुरम, रीवा और जबलपुर संभाग के जिलों में तेज बारिश का दौर देखने को मिलेगा। वहीं, 4 सितंबर तक ये सिस्टम पश्चिमी हिस्से में पूरी तरह सक्रीय होने की संभावना है। ऐसे में भोपाल के साथ-साथ उज्जैन, नर्मदापुरम, ग्वालियर-चंबल और सागर संभाग में तेज बारिश देखने को मिलेगी। 5 सितंबर तक ये सिस्टम इन्हीं संभागों में पूरी तरह सक्रीय रहने की संभावना है।
ताजा आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में अब तक 707.1 मिमी यानी 27.8 इंच बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है। हालांकि, ये अब भी सामान्य बारिश 31.2 इंच (791.7 मिमी) की तुलना में 3.1 इंच कम है। यानी प्रदेश में औसत बारिश से 11 फीसद कम पानी गिरा है। इनमें पूर्वी हिस्से में अच्छी बारिश होने के बावजूद औसत से 5 फीसदी कम वर्षा हुई है तो वहीं पश्चिमी हिस्से में अब तक कम बारिश के कारण औसत से 16 फीसद कम पानी गिरा है।
Updated on:
02 Sept 2026 11:00 am
Published on:
02 Sept 2026 11:00 am
