भोपाल

Independence Day 2021 : एमपी से अमेरिका तक आजादी के जश्न का माहौल, देखें तस्वीरें

75th Independence Day 2021 भारत के साथ ही पूरी दुनिया में दिखेगा तिरंगे का जलवा..अमेरिका, ब्रिटेन समेत कई बड़े देशों में आजादी के जश्न की तैयारी..

3 min read
Aug 14, 2021

भोपाल.Independence Day 2021 15 अगस्त को भारत की आजादी का जश्न मध्यप्रदेश ही नहीं बल्कि बल्कि पूरी दुनिया में धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। दुनिया के अलग अलग देशों में रहने वाले मध्यप्रदेश के कई लोगों ने अपने परिवारों के साथ सोशल मीडिया के जरिए स्वतंत्रता दिवस को लेकर की हुई तैयारियों की तस्वीरें शेयर की है।

अमेरिका, ब्रिट्रेन, फ्रांस सहित दुनिया के कई बड़े देशों से भी ऐसी तस्वीरें सामने आई हैं जो बताती हैं कि इस बार भारत की आजादी का जश्न पूरी दुनिया में मनाया जाएगा और पूरी दुनिया तिरंगे का जलवा देखेगी। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आजादी के 75वें पर्व को आजादी का अमृत महोत्सव अभियान के तौर पर मनाने का ऐलान किया था और पीएम मोदी की मंशा के अनुरूप ही भारतीय विदेश मंत्रालय ने इसकी तैयारियां भी पूरी कर ली हैं।

पूरी हुईं आजादी के जश्न की तैयारियां
भारत के साथ ही पूरी दुनिया में आजादी के पर्व को मनाने की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। अमेरिका के बोस्टन में रहने वाले भोपाल के अजय परमार ने बताया कि पीएम मोदी के आजादी के अमृत महोत्सव अभियान का ऐलान किए जाने के बाद से ही वहां रहने वाले भारतीयों में एक अलग सा उत्साह है। वैसे तो हर भारतवासी देश की आजादी के इस पर्व को हर साल मनाता आ रहा था लेकिन इस बार इसे लेकर और भी ज्यादा तैयारियां की गई हैं। इसी तरह भोपाल के चार्टेड अकाउंटेंट जितेन्द्र सिंह बघेल ने बताया कि वॉशिंगटन डीसी में रहने वाले उनके छोटे भाई व माता-पिता भी भारत की आजादी का जश्न वहां बड़ी धूमधाम के साथ मना रहे हैं।

पूरी दुनिया में दिखेगा तिरंगे का जलवा
भारत की आजादी के पर्व को मनाने के लिए भारतीय विदेश मंत्रालय ने अमेरिका, ब्रिटेन समेत दुनिया के कई बड़े देशों में तैयारियां की हैं। दुनिया के विभिन्न देशों की 75 प्रतिष्ठित इमारतें और पर्यटन स्थल भारत की आजादी के पर्व में रंगी हुई नजर आएंगी। सभी 75 इमारतें और पर्यटन स्थल 15 अगस्त की शाम से 16 अगस्त की सुबह तक भारतीय तिरंगे के रंगों की रोशनी से जगमगाती नजर आएंगी। यूएन मुख्यालय तिरंगे की रोशनी में जगमगाएगा तो वहीं कनाडा के नियाग्रा फॉल की लहरें तिरंगे के रंगों में रंगी नजर आएंगी। इसके अलावा दुनिया की जिन मुख्य इमारतों को तिरंगे की रोशनी वाली लाइटों से सजाया जाएगा उसमें अमेरिका की एम्पायर स्टेट बिल्डिंग, दुबई का बुर्ज खलीफा, रूस का इवोल्यूशन टावर, सऊदी अरब के अबू धाबी शहर का मशहूर एडीएनओसी ग्रुप टॉवर और यूनाइटेड किंगडम का बर्मिंघम पुस्तकाल भवन शामिल है।

फ्रांस में एफिल टॉवर पर गूंजा जन गण मन
आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर दुनिया भर में बसे भारतवाशी देश के प्रति अपने समर्पण को राष्ट्रगान गाकर जाहिर कर रहे हैं। फ्रांस में बसे भारतीय कलाकारों ने विश्वप्रसिद्ध एफिल टॉवर के सामने राष्ट्रगान गाकर देश के गौरव को और भी बढ़ा दिया। फ्रांस में रह रहे भारतीय कलाकारों के ग्रुप बॉलीवुड महाराजा ने अनवर हुसैन की अगुवाई में राष्ट्रगान गाया, इस दौरान उनके साथ फ्रांस की रग्बी टीम के युवा खिलाड़ी भी मौजूद रहे।

क्यूबा में गूंजा वंदे मातरम
आजादी का अमृत महोत्सव सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि दुनिया भर में बेहद गर्व के साथ मनाया जा रहा है। क्यूबा में भी अमृत महोत्सव की धूम देखी गई, जहां क्यूबा की प्रसिद्ध कलाकार लौरा मारिया वाल्डिविया ने वंदे मातरम गाकर भारतीयों का दिल जीत लिया। भारतीय परिधान में बेहद आकर्षक दिख रही मारिया ने सधे हुए सुरों में वंदे मातरम का गायन किया। वीडियो में मारिया कभी वायलिन बजाते, तो कभी पारंपरिक भारतीय नृत्य के अंदाज में बैठकर वंदे मातरम का गा रहीं हैं। मारिया के इस वीडियो को देश में खूब पसंद किया जा रहा है।

इटली के छात्र ने गाया भारतीय राष्ट्रगान
इटली के नेपल्स विश्वविद्यालय "एल ओरिएंटेल" में एमए (हिंदी) के छात्र डेविड कावा ने भारतीय राष्ट्रगान को बेहद ही खूबसूरती के साथ गाया और उसका एक वीडियो रिकॉर्ड भी किया। इस वीडियो को इटली में मौजूद भारतीय दूतावास ने अपने ट्वीटर हैंडल पर भी शेयर किया है।

Updated on:
15 Aug 2021 08:37 am
Published on:
14 Aug 2021 07:00 pm
Also Read
View All

अगली खबर