
न्यू मार्केट की तरह बड़े और भव्य नए बाजार करोंद चौराहा और मिसरोद में
भोपाल. भोपाल के न्यू मार्केट की बात ही कुछ और है। यह इतना भव्य है कि इस बाजार में खरीदारी करने और घूमने प्रदेशभर से लोग आते हैं। मास्टर प्लान ड्राफ्ट 2031 संसोधन से शहर के सबसे प्रमुख न्यू मार्केट के नए सिरे से विकसित करने की राह निकली है। इसमें न्यू मार्केट को व्यावसायिक मिश्रित उपयोग केंद्र जोन दो सीएमयू-2 में शामिल कर नए सिरे से इसके समग्र विकास की योजना बनाना तय किया है। खास बात यह है कि न्यू मार्केट की तर्ज पर करोंद चौराहा और मिसरोद में भी भव्य नए बाजार बनेंगे।
व्यावसायिक गतिविधियों के लिए अभी पूरा शहर न्यू मार्केट पर निर्भर है। क्षेत्रीय बाजार सुनियोजित नहीं है। पुराने शहर में चौक बाजार काफी पुराना है, ये हेरिटेज में शामिल है। ऐसे में करोंद चौराहा के पास नेवेरी व मिसरोद को कमर्शियल मिक्स यूज-2 में शामिल कर पुनर्विकास की राह खुली है। पुराने शहर के करोंद व भानपुर क्षेत्र वालों के लिए ये नया बाजार होगा, जबकि नर्मदापुरम से लेकर कोलार तक के लिए मिसरोद उपयोग साबित होगा। प्लान लागू होने के बाद इसके लिए संबंधित एजेंसियों को इसके लिए काम शुरू करना होगा।
व्यावसायिक गतिविधि के लिए नव विकसित क्षेत्रों को सीएमयू-3 में शामिल किया— व्यावसायिक गतिविधि के लिए कुछ नव विकसित क्षेत्रों को सीएमयू-3 में शामिल किया। इसमें 18 मीटर चौड़ी रोड जरूरी है। इसमें एफएआर 0.25 दिया है, यानि प्लॉट एरिया का 25 फीसदी निर्माण हो सकता है। इसमें ज्यादा निर्माण के लिए 2.75 तक प्रीमियम एफएआर रखा है। अब दिक्कत ये है कि यदि इस क्षेत्र में किसी कॉलोनाइजर ने आवासीय उद्देश्य से प्लॉट काटकर बेच दिए तो प्लॉट खरीदने वाला महज 25 फीसदी यानि 1000 वर्गफीट पर 250 वर्गफीट ही निर्माण कर पाएगा। ज्यादा करने के लिए कीमत चुकानी होगी। इसमें वह उलझ जाएगा।
Published on:
09 Jun 2023 10:29 am
