
कांग्रेस की बहुप्रतीक्षित पहली सूची जारी
एमपी विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस की बहुप्रतीक्षित पहली सूची जारी कर दी गई है। इस सूची में 144 प्रत्याशियों के नाम है जिनमें से कुछ चौंकानवाले भी हैं। कांग्रेस ने छिंदवाड़ा से पूर्व सीएम कमलनाथ को टिकट दिया है। खास बात यह है कि बुधनी से शिवराजसिंह चौहान का मुकाबला करने के लिए कांग्रेस ने विक्रम मस्ताल को चुनावी मैदान में उतारा है। विक्रम का नाम बेहद चौंका रहा है। वे टीवी एक्टर हैं और इससे पहले कभी भी राजनैतिक हल्कों में उनका नाम नहीं लिया गया है।
विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस ने रविवार को अपनी पहली सूची जारी कर दी। कांग्रेस की दूसरी सूची भी आज या कल जारी की जा सकती है। इधर बीजेपी की चार सूची जारी हो चुकी है।
कांग्रेस की सूची का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा था। केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की मंजूरी के बाद इन उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं। बताया जा रहा है कि कांग्रेस के नजरिए से कमजोर करीब पांच दर्जन विधानसभा सीटों के प्रत्याशियों के नाम भी इस सूची में शामिल किए गए हैं।
कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली सूची कई सर्वे और वरिष्ठ नेताओं के गहन मंथन के बाद जारी की गई है। कांग्रेस उम्मीदवारों (Congress Candidates First List) की पहली सूची में कई चौंकानेवाले नाम हैं। दो विधायकों के टिकट काट दिए गए हैं पर पांच दर्जन से ज्यादा विधायकों को दोबारा मौका दिया गया है। गुनौर के विधायक शिवदयाल बागरी और कटंगी के विधायक टामलाल सहारे के टिकट काटे हैं।
कांतिलाल भूरिया के स्थान पर उनके बेटे विक्रांत भूरिया को उम्मीदवार बनाया गया है। सीएम शिवराजसिंह चौहान के सामने एक्टर विक्रम मस्ताल को चुनावी मैदान में उतारा गया है।
कांग्रेस की सूची में अनुसूचित जाति यानि एससी के 22 और अनुसूचित जनजाति यानि एसटी के 30 प्रत्याशियों के नाम हैं। ओबीसी के 39 उम्मीदवारों को टिकट दिया है जबकि अल्पसंख्यकों में एक मुस्लिम और पांच जैन प्रत्याशी को टिकट मिली है। सामान्य वर्ग के 47 उम्मीदवार हैं।
कांग्रेस की सूची में 19 महिलाओं को भी जगह मिली है। कांग्रेस ने युवाओं पर दांव खेला है। 144 प्रत्याशियों में से 65 की उम्र 50 साल से कम है।
Updated on:
15 Oct 2023, 10:19 AM IST
Published on:
15 Oct 2023, 10:17 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.