
market dispute over alleged woman meat throwing in front of shops
mp news: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के कोतवाली थाना क्षेत्र के लोहा बाजार और लखेरा बाजार में गुरुवार को व्यापारियों ने एक बुर्का पहने महिला को दुकानों के सामने मांस के टुकड़े फेंकने के आरोप में रोक लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में व्यापारियों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में मंदिर और जैन मंदिर स्थित हैं, जहां बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं। उनका आरोप है कि पिछले एक से दो महीने से संबंधित महिला इस इलाके में मांस के टुकड़े डाल रही थी, जिससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। गुरुवार को भी जब महिला बाजार में पहुंची तो कुछ व्यापारियों ने उसे रोक लिया और आपत्ति जताई।
वायरल वीडियो में कुछ व्यापारी महिला से बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। महिला के हाथों में पहने दस्तानों पर खून रंग जैसे निशान नजर आ रहे हैं। व्यापारी इसे मांस का खून बता रहे हैं। वीडियो में 112 नंबर पर कॉल करने की बात भी सुनाई देती है। कुछ लोग महिला की स्कूटी की चाबी अपने पास रखने की बात कहते दिख रहे हैं और पहले थाने चलकर मामला सुलझाने की बात कर रहे हैं। मौके पर भीड़ भी जमा हो गई थी। वीडियो में महिला कह रही है कि वह एक एनजीओ से जुड़ी है और सड़क पर घूमने वाले कुत्तों को खाना खिला रही थी। उसने वीडियो में आगे से ध्यान रखने की बात भी कही है। महिला का कहना है कि उसका किसी की भावना आहत करने का इरादा नहीं था।
मामले को लेकर हिंदू उत्सव समिति के पदाधिकारियों ने कोतवाली थाने पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी काशीराम कुशवाह ने बताया कि दोनों पक्षों से शिकायत मिली है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
26 Feb 2026 09:54 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
