
nursing student found dead ayodhya nagar bhopal
MP News: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के अयोध्या नगर इलाके में रहने वाली एक नर्सिंग की छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। नर्सिंग छात्रा का अपने जीजा के भाई से प्रेम संबंध चल रहा था और बताया जा रहा है कि प्रेमी की शादी दूसरी जगह से तय होने से वो दुखी थी। इसी दुख में नर्सिंग छात्रा ने खुदकुशी की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शनिवार को परिजन के सुपुर्द कर दिया और मामले की जांच कर रही है।
भोपाल के अयोध्या नगर की विंध्याचल कॉलोनी में रहने वाली नर्सिंग छात्रा उमा लोधी (24 वर्ष) ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उमा अयोध्या नगर में किराए पर रहती थी और किराए के घर में ही उसने शुक्रवार रात को फांसी लगाई। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिया गया। मृतका उमा मूल रूप से सीहोर जिले की रहने वाली थी। वो नर्स बनने की चाहत में भोपाल आई थी और नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी।
उमा के रिश्तेदार ने बताया कि उमा का अपने ही जीजा के भाई से प्रेम प्रसंग चल रहा था, दोनों एक दूसरे से शादी करना चाहते थे लेकिन बीते दिनों लड़के के परिजन ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी। प्रेमी की शादी तय होने के बाद से उमा दुखी थी, आशंका है कि इसी के कारण उसने खुदकुशी जैसा कदम उठाया है। यह भी बताया गया कि प्रेमी युवक ने गुरुवार को फोन कर उमा से पूछा था कि परिजन उसकी शादी कहीं और तय कर रहे हैं तुम्हें कोई परेशानी तो नहीं है और उमा ने कोई विरोध नहीं किया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
Updated on:
21 Feb 2026 08:28 pm
Published on:
21 Feb 2026 08:28 pm
