
मध्य प्रदेश में कई इलाके जलमग्न, बाढ़ से हालात
mp weather update: मध्य प्रदेश में कई इलाकों में मानसून ने तांडव मचा दिया है। इन क्षेत्रों में बाढ़ से हालात हैं। कई इलाके जलमग्न हो चुके हैं। घरों में पानी घुसने के कारण लोग घरों में ही कैद होकर रह गए हैं। वहीं अब अगले 5 दिन भी मध्य प्रदेश के लिए भारी रहने वाले हैं।
दरअसल IMD ने मध्य प्रदेश में अगले 5 दिन तक मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं कुछ क्षेत्रों में मध्यम से हल्की बारिश और कहीं बिजली गिरने की संभावना जताई है।
बता दें कि पिछले 24 घंटे में मध्य प्रदेश में कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई, तो कही आकाशीय बिजली गिरने से मौत के मामले भी सामने आए हैं। राजधानी भोपाल में बीते 24 घंटे में जोरदार बारिश हुई है। तो सतना जिले के कई क्षेत्रों में बिजली गिरी है, जिसकी चपेट में आने से 4 लोगों की मौत हो गई। उधर बुदनी का भागनेर पुल पानी में डूब चुका है। जिससे कई इलाकों का संपर्क टूट गया है।
एमपी के नर्मदापुरम में मानसून की बारिश ने कहर बरपा दिया है। यहां कई इलाके जलमग्न हो चुके हैं। घरों में पानी घुस गया है। इसके कारण लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं। नर्मदापुरम शहर और सोहगपुर, डोलरिया ग्रामीण सहित अन्य क्षेत्रों में राहत शिविर लगाए गए हैं।
11 मकान क्षतिग्रस्त, एक की मौत और एक महिला गंभीर रूप से घायल हैं। वहीं मौसम विभाग ने नर्मदापुरम में एक बार फिर से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। जिसके चलते कलेक्टर सोनिया मीना ने अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
वीडियो में देखें नर्मदापुरम के हालात…
IMD भोपाल के मौसम वैज्ञानिक अरुण यादव बताते हैं कि प्रदेश में मानसून ट्रफ, साइक्लोनिक सर्कुलेशन के साथ वेस्टर्न डिस्टरबेंस भी एक्टिव है। इसके असर से एमपी में आंधी-बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम बना हुआ है। प्रदेश में अब तक औसतन 11.1 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। ये मानसूनी कोटे की कुल बारिश का 30 फीसदी है।
मध्य प्रदेश में एक तरफ जहां लोग भारी बारिश से बेहाल हो रहे हैं। वहीं कुछ इलाके ऐसे भी हैं जहां लोगों को अब भी अच्छी बारिश का इंतजार है। इन इलाकों में सीजन की सबसे कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के पूर्वी हिस्से में अभी भी सूखे की स्थिति है। यहां 18% कम बारिश दर्ज की गई है। जबकि पश्चिमी हिस्से में 7% ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।
संबंधित खबरें:-
कुछ इलाकों की स्थिति इतनी बदतर है कि लोग यहां बारिश के लिए अजब-गजब टोटके तक कर चुके हैं। मंदसौर जिले के हालात कुछ ऐसे ही नजर आए, यहां बारिश अच्छी कराने के लिए स्थानीय लोगों ने गधों से खेती तक करवा ली। गधों को गुलाब जामुन खिला दिए। यही नहीं एक टोटके के तहत गांव के प्रधान को गधे पर बैठाकर घुमा तक दिया।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में कई जिलों में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक विदिशा, आगर, राजगढ़, अशोकनगर, सागर, बालाघाट, दमोह, श्योपुर कलां, अशोकनगर, गुना, उज्जैन महाकालेश्वर, शाजापुर, रतलाम, नीमच, मंदसौर, नर्मदापुरम पचमढ़ी में भारी बारिश होगी।
वहीं खंडवा, ओंकारेश्वर, बुरहानपुर, नरसिंहपुर, मंडला, जबलपुर, बैतूल, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्ना पेंच, अनुपपुर, अमरकंटक, डिंडोरी में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखेगा, यहां बिजली गिरने के साथ ही हल्की आंधी और बारिश आने की संभावना है।
उधर सीधी, सिंगरौली, खरगोन महेश्वर, बड़वानी, बावनगजा, अलीराजपुर, शिवपुरी, मुरैना, भिंड, ग्वालियर, दतिया रतनगढ़ में भी मौसम विभाग ने हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है।
ये भी पढ़ें: Holiday: खुशखबरी! सावन में इन डेट्स पर छुट्टी घोषित
Updated on:
21 Jul 2024, 12:32 PM IST
Published on:
21 Jul 2024, 12:22 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.