
narottam mishra nitin nabin meeting, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिले नरोत्तम मिश्रा (Source- @drnarottammisra)
Narottam Mishra Nitin Nabin Meeting: मध्यप्रदेश के पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को क्या पार्टी में कोई नई जिम्मेदारी मिलने वाली है, ये सवाल दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ नरोत्तम मिश्रा की मुलाकात के बाद मध्यप्रदेश के सियासी गलियारों और खासकर नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों में उठ रहा है। नरोत्तम मिश्रा ने खुद अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नितिन नवीन के साथ मुलाकात की तस्वीर शेयर करते हुए इसकी जानकारी दी है। बता दें कि मध्यप्रदेश में बीते दिनों हुए दतिया उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद नरोत्तम मिश्रा को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं उठती रही हैं।
नरोत्तम मिश्रा ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ मुलाकात की तस्वीर साझा की है। इस तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा है- आज दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से सौजन्य भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। हालांकि दोनों नेताओं के बीच बंद कमरे में हुई मुलाकात में क्या बातचीत हुई है, इसे लेकर कुछ सामने नहीं आया है, पर मुलाकात के मायने सियासी गलियारों में निकाले जाने लगे हैं।
वहीं इससे कुछ घंटे पहले गुरुवार को ही नरोत्तम मिश्रा ने मध्यप्रदेश बीजेपी अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को एक्स पर पोस्ट कर जन्मदिन की बधाई भी दी है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा है- मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक हेमंत खंडेलवाल को जन्मदिन की हार्दिक एवं अनंत शुभकामनाएं। मां पीतांबरा से आपके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं मंगलमय जीवन की कामना करता हूं। मां पीतांबरा की कृपा सदैव आप पर बनी रहे और आप निरंतर जनसेवा के पथ पर अग्रसर रहें।
बता दें कि बीते महीने अगस्त में हुए दतिया उपचुनाव में उस वक्त नरोत्तम मिश्रा व उनके समर्थकों को बड़ा झटका लगा था, जब भाजपा ने नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया गया था। नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद दतिया में समर्थकों ने काफी हंगामा भी किया था और बाद में दतिया उपचुनाव में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था। टिकट काटे जाने के बाद से ही इस तरह की चर्चाएं सियासी गलियारों में होती रही हैं कि नरोत्तम को पार्टी संगठन में कोई बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है।
Updated on:
03 Sept 2026 03:39 pm
Published on:
03 Sept 2026 03:39 pm
