1 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एमपी के प्रमुख शहरों को जोड़ेगा 746 किमी लंबा नया कॉरिडोर, नितिन गडकरी ने दी मंजूरी

Nitin Gadkari- मध्यभारत विकास पथ एक्सप्रेस-वे से विशेष रूप से ऐतिहासिक नगर भी जुड़ेंगे

2 min read
Google source verification
Nitin Gadkari Approves Connecting Major Cities of MP via New Corridor

Nitin Gadkari Approves Connecting Major Cities of MP via New Corridor

Nitin Gadkari- मध्यप्रदेश के लिए एक और खुशखबरी आई है। प्रदेश में अनेक नेशनल हाईवे का निर्माण कार्य जल्द शुरु होनेवाला है। खास बात यह है कि प्रदेश में एक नया कॉरिडोर भी बन रहा है जोकि अनेक प्रमुख शहरों को जोड़ेगा। 746 किमी लंबे मध्यभारत विकास पथ एक्सप्रेस-वे से विशेष रूप से ग्वालियर चंबल क्षेत्र के ऐतिहासिक नगर भी जुड़ेंगे। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इसके लिए सहमति जता दी है। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ग्वालियर–भिंड–इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-719) का निर्माण कार्य NHAI द्वारा जल्द शुरु किया जाएगा।

मध्यप्रदेश के प्रमुख रोड प्रोजेक्ट के संबंध में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी Nitin Gadkari से मुलाकात की। इस दौरान कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर चर्चा हुई। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कुछ नए प्रोजेक्ट पर भी अपनी सहमति जताई।

मध्यभारत विकास पथ एक्सप्रेस-वे के संबंध में भी दोनों केंद्रीय मंत्रियों में बातचीत हुई। इस दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुरैना से नागपुर तक प्रस्तावित इस कॉरिडोर को ग्वालियर-चंबल के प्रमुख शहरों से जोड़ने पर सहमति जताई।

बता दें कि प्रस्तावित मध्यभारत विकास पथ एक्सप्रेस वे के प्रारंभिक सर्वेक्षण का काम चल रहा है। इसमें चंदेरी, अशोकनगर, मुंगावली को भी जोड़ने की मांग की जा रही है। इसके लिए केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से विशेष आग्रह करते हुए उन्हें पत्र लिखा था।

करीब 746 किमी लंबा यह कॉरिडोर मुरैना से शुरु होकर नागपुर तक बनाया जाएगा। इससे ग्वालियर चंबल संभाग की देश के दक्षिणी राज्यों से बेहतर कनेक्टिविटी प्राप्त होगी। नागपुर से हैदराबाद तक आना जाना सुगम होगा।मध्यभारत विकास पथ एक्सप्रेस वे के सर्वे का काम आगामी 4-5 माह में पूरा होने का अनुमान है।

केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया ट्वीट

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट कर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से अपनी मुलाकात के संबंध में बताया। उन्होंने अपने एक्स हेंडल पर लिखा-

आज केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री माननीय श्री @nitin_gadkari जी से सौजन्य भेंट कर ग्वालियर-चंबल संभाग एवं मध्यप्रदेश में कनेक्टिविटी और आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

इस बैठक में गडकरीजी ने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर सहमति दी:

  • ग्वालियर–भिंड–इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-719) का निर्माण कार्य NHAI द्वारा शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।
  • मुरैना से नागपुर तक प्रस्तावित मध्यभारत विकास पथ एक्सप्रेस-वे को ग्वालियर-चंबल के प्रमुख शहरों से जोड़ने पर सहमति।
  • क्षेत्र के एक्सीडेंट-प्रोन ब्लैक स्पॉट्स को चिन्हित कर उनके समाधान हेतु फ्लाईओवर निर्माण को स्वीकृति।
  • बहुप्रतीक्षित ग्वालियर–आगरा एक्सप्रेस-वे के कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश।

साथ ही ग्वालियर वेस्टर्न बायपास एवं गुना–देवास NH-46 पर फ्लाईओवर जैसे अन्य महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।

इन परियोजनाओं से क्षेत्र के विकास, सुगम आवागमन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। इसके लिए माननीय श्री नितिन गडकरी जी का हृदय से आभार।