17 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एमपी के लाखों पेंशनर्स को बड़ी सौगात, मंत्री ने पारित किया पेंशन राशि बढ़ाने का प्रस्ताव

Pension- सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना सहित अनेक योजनाएं की रही संचालित, परामर्शदा​त्री समिति की बैठक

2 min read
Google source verification
Proposal to increase pension amount for lakhs of pensioners in MP

Proposal to increase pension amount for lakhs of pensioners in MP (photo-patrika)

Pension- मध्यप्रदेश के लाखों पेंशनर्स को बड़ी सौगात मिली है। उनकी पेंशन राशि बढ़ाई जा रही है। इस संबंध में प्रस्ताव पारित कर दिया गया है। सामाजिक न्याय व दिव्यांगजन कल्याण विभाग की परामर्शदात्री समिति की बैठक में यह फैसला हुआ। राज्य के सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन कल्याण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सामाजिक सुरक्षा पेंशन के साथ ही अंत्येष्टि सहायता राशि बढ़ाने का भी निर्णय लिया गया। दिव्यांगों के चिन्हांकन के लिए तहसील स्तर पर शिविर आयोजित करने पर भी सहमति बनी।

परामर्शदात्री समिति की बैठक की राज्य के सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन कल्याण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने अध्यक्षता की। बैठक में समिति सदस्य विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह, प्रीतम लोधी और भैरो सिंह बापू भी उपस्थित रहे।

मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा सामाजिक रूप से कमजोर और दिव्यांगों के कल्याण के लिए अनेक योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। योजनाओं के जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विधायकों को परामर्शदात्री समिति के सदस्य के रूप में शामिल किया है। इनके महत्वपूर्ण सुझाव और अनुभवों के माध्यम से सामाजिक न्याय विभाग जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचा सकेगा।

मुख्यमंत्री कन्या विवाह निकाह योजना का जिक्र करते हुए बैठक में नए प्रावधानों के अनुसार शादी सम्मेलन आयोजित कराने की अपेक्षा की गई। नए प्रावधानों के तहत सामूहिक विवाह निकाह योजना में न्यूनतम 11 और अधिकतम 200 जोड़ों को शामिल किया जा सकता है। चालू वित्त वर्ष में अब तक 54 हजार से अधिक जोड़ों का विवाह/निकाह करावाया जा चुका है।

सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा अंत्येष्टि सहायता योजना की राशि बढ़ाने का प्रस्ताव पारित

परामर्शदात्री समिति की बैठक में सदस्यों ने दिव्यांगजनों के चिन्हांकन के लिए तहसील स्तर पर शिविर आयोजित करने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि बढ़ाने तथा अंत्येष्टि सहायता योजना की राशि बढ़ाए जाने का सुझाव दिया। समिति द्वारा प्रस्ताव को पारित करते हुए राज्य शासन को भेजने का निर्णय लिया गया।

पेंशन योजनाओं का 53 लाख से अधिक हितग्राहियों को लाभ

सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण विभाग की प्रमुख सचिव सोनाली वायंगणकर ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की कार्य-प्रणाली और प्रगति के विषय में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा मुख्यमंत्री कल्याणी विवाह योजना के अंतर्गत 551 हितग्राहियों को 11 करोड़ 2 लाख रुपए, दिव्यांग विवाह प्रोत्साहन योजना में 736 हितग्राहियों को 13 करोड़ 38 लाख रुपए, 17 हजार 503 दिव्यांग हितग्राहियों को 8 करोड 75 लाख रुपए के सहायक उपकरण प्रदान किए गए हैं। प्रमुख सचिव सोनाली वायंगणकर ने बताया कि विभिन्न पेंशन योजनाओं के अंतर्गत प्रदेश में 325 करोड़ रुपए की राशि प्रतिमाह बैंक खातों में अंतरित की जा रही है। 53 लाख से अधिक हितग्राहियों को इसका लाभ मिल रहा है।