
Twisha Sharma - ट्विशा शर्मा केस में एम्स के डॉक्टर्स के बयान लिए- Source Patrika.com
Twisha Sharma Case - भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा डेथ मिस्ट्री मामले में सीबीआई की जांच लगातार जारी है। केंद्रीय जांच एजेंसी के अधिकारी जहां केस की चार्जशीट बनाने की तैयारी में लगे हैं वहीं तफ़्तीश भी कर रहे हैं। मंगलवार को सीबीआइ की टीम तफ़्तीश के लिए भोपाल एम्स पहुंची। यहां उन डॉक्टरों के बयान दर्ज किए जिन्होंने ट्विशा Twisha को एम्स लाने के बाद सबसे पहले जांच की थी। जांच एजेंसी के अधिकारियों ने यह जानने की कोशिश की अस्पताल में जब ट्विशा को लाया गया था तब वह जिंदा थी या उनकी मौत हो चुकी थी! एम्स में उन्हें किस हाल में लाया गया था, जांच अधिकारियों ने डॉक्टरों से इस संबंध में गहन पूछताछ की। उनके बयानों से केस के कई पहलुओं से पर्दा हट सकता है।
सीबीआई के जांच अधिकारियों ने भोपाल एम्स में हुए पहले पीएम में शामिल डॉक्टरों से भी पूछताछ की। इसके साथ ही बयानों की तस्दीक भी की। इस दौरान अन्य डिजिटल साक्ष्यों जैसे सीसीटीवी सहित अन्य पहलुओं पर सीबीआइ ने सवाल-जवाब किए।
जांच के लिए एम्स पहुंची सीबीआइ की टीम तीन घंटे परिसर में ही रही। इस दौरान सीबीआइ की टीम ने डॉक्टरों के साथ अन्य स्टाफ के भी बयान दर्ज किए। सूत्रों के मुताबिक, स्टाफ से यह पूछा गया कि ट्विशा को उस दिन किस हालात में लाया गया था। प्रारंभिक मेडिकल रिपोर्ट क्या कहती थी।
नोएडा की रहनेवाली ट्विशा शर्मा की भोपाल में अपने ससुराल में संदिग्ध मौत हो गई थी। 12 मई को वे कटारा हिल्स स्थित आवास में मृत मिलीं। पति समर्थ सिंह और सास पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह ने कहा कि ट्विशा ने आत्महत्या की जबकि मायके वालों ने दहेज प्रताडना और हत्या का आरोप लगाया। बाद में मामले की जांच सीबीबाई को सौंप दी गई।
ट्विशा की संदिग्ध मौत के मामले में आरोपी गिरिबाला सिंह (सास) और समर्थ सिंह (पति) अभी भोपाल की केंद्रीय जेल में न्यायिक हिरासत में हैं। 16 जून को दोनों आरोपियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया गया था। CBI के वकील कोर्ट में मौजूद रहे और उन्होंने पूछताछ के लिए रिमांड की मांग नहीं की। इसके बाद
आरोपी गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह को कोर्ट ने दोबारा न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
Updated on:
24 Jun 2026 07:54 am
Published on:
24 Jun 2026 07:54 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
