22 जनवरी 2026,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आंखों में लगातार हो रही है दर्द की समस्या तो जरूर अपनाएं ब्लींकिंग थैरेपी

आंखों में लगातार हो रही है दर्द की समस्या तो जरूर अपनाएं ब्लींकिंग थैरेपी

3 min read
Google source verification
Eye Pain

Eye Pain

भोपाल। क्या आपको रोजाना आंखों में दर्द या जलन होती है? हां, तो ऐसा कम्प्यूटर पर लंबे समय तक काम करने या धूल और मिट्टी की वजह से आंखों को हुए नुकसान के कारण भी हो सकता है। कई बार आंखों में संक्रमण भी दर्द का कारण हो सकता है। आंखें हमारे शरीर का सबसे संवेदनशील अंग हैं इसलिए इसका खयाल रखना जरूरी होता है क्योंकि थोड़ी भी लापरवाही गंभीर परिणाम दे सकती है। आंखों की डॉक्टर स्मिता शुक्ला बताती हैं कि आंखों में दर्द की स्थिति होने पर पामिंग, कोल्ड कंप्रेस, ब्लींकिंग थैरेपी और कुछ खास बातों का ध्यान रखकर आराम पाया जा सकता है।

पलकों को झपकाएं

जब भी आंखों में दर्द महसूस हो तो एक से दो मिनट के लिए पलकों को झपकाएं। कई बार आंखों में ड्राईनेस के कारण भी दर्द होने लगता है। जब आप अपनी पलकों को झपकाते हैं तो आंखों का सूखापन कम होता है और इन्हें आराम मिलता है। रेगुलर पलकों को झपकाने से आपकी आंखों में टियर का फ्लो बना रहता है, जिससे बाहरी ऑब्जेक्ट आंखों को नुकसान नहीं पहुंचा पाता। इससे आंखों में रक्त का प्रवाह भी बना रहता है।

व्यायाम करें

आंखों को बंद करके पांच तक गिनती बोलें फिर आंखों को खोलें। यही प्रक्रिया कम से कम पांच बार दोहराएं।

कोल्ड कंप्रेस

आंखों को ठंडे सेक की मदद से भी आराम दे सकते हंै। आंखों में आइस पैक लगाने से फौरन आराम मिलेगा, जिससे आंखों में खुजली भी कम होगी।

ऐसे प्रयोग करें: एक सूती कपड़े को बर्फ के पानी में भिगो लें। अब इसे आंखों पर रखें। कम से कम पांच मिनट तक लेटे रहें और बाद में इसी प्रक्रिया को फिर दोहराएं। आंखों को रिलेक्स मिलेगा।

मसाज थैरेपी

आंखों को आराम देने के लिए मसाज का सहारा भी लिया जा सकता है। कम्प्यूटर स्क्रीन के सामने घण्टों बैठे रहने वालों के लिए यह आसान उपाय है आराम पाने का।

ऐसे प्रयोग करें: अपने हाथों में ऑलिव ऑयल की कुछ बूंदें लें और हल्के हाथों से दो मिनट के लिए आंखों की मसाज करें।

पामिंग का सहारा लें

लैपटॉप या टेलीविजन स्क्रीन के सामने बहुत अधिक समय तक बैठने रहने के बाद आंखों को आराम देने के लिए पामिंग थैरेपी का प्रयोग किया जा सकता है।

ऐसे करें प्रयोग: एक आरामदायक स्थिति में सीधे बैठें। अब हथेलियों को एक साथ रगड़ें। इन्हें आंखों पर रखें, लेकिन अधिक दबाव न दें। लगभग 30 सेकण्ड में पांच बार ऐसा करें।

अच्छा हो खान-पान

आं खों को स्वस्थ रखने के लिए जरूरी है कि आपका खान-पान भी अच्छा हो। इसके लिए अपने आहार में हरी सब्जियां जैसे पालक, गाजर, सरसों, मेथी, सूखे मेवे, खट्टे फल, डेयरी उत्पाद जैसे दूध, दही, पनीर आदि को शामिल करें। इस प्रकार के खान-पान से आपको आंखों व सेहत को फिट रखने में आसानी होगी।

ये भी जानें

- जब भी कभी बाहर निकलें तो आंखों पर चश्मा जरूर लगाएं। अगर आंखों में कुछ चला जाए तो इन्हें रगड़ें नहीं। फौरन ठंडे पानी से आंखों को धोएं। तकलीफ ज्यादा होने पर डॉक्टर को दिखाएं।

- किसी भी तरह का फायर या कैमिकल वर्क करते समय चश्मा जरूर पहनें। तरल पदार्थ, अमोनिया और डिटर्जेंट से सफाई करते हुए इन चीजों को अपनी आंखों से दूर रखें।

- आंखों में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर अपनी मर्जी से किसी भी दवा या घर के किसी सदस्य की दवा का प्रयोग न करें।