
एक रात में तीन डिग्री गिरा तापमान, प्रदेश का तीसरा सबसे ठंडा शहर
भोपाल. शहर में सर्दी का मौसम धीरे-धीरे अपने रंग में आ रहा है। दशहरे के दिन रात के तापमान में सीधे तीन डिग्री की गिरावट आई और यह 16.2 डिग्री पर आ गया। यह प्रदेश में तीसरा सबसे कम रात का तापमान रहा। प्रदेश में सबसे कम तापमान मण्डला में 15.3 तो छिंदवाड़ा में 16 डिग्री दर्ज किया गया।
शहर में गुरुवार को रात का तापमान 19.2 डिग्री दर्ज किया गया था, लेकिन गुरुवार रात से उत्तरी हवाओं का असर बढ़ा और तापमान में गिरावट आनी शुरू हो गई। शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान सीधे तीन डिग्री गिरकर 16.2 डिग्री पर आ गया। यह सामान्य स्तर से तीन डिग्री कम रहा। हल्की ठंडक भरी सुबह के बीच जैसे ही सूरज निकला, तापमान बढऩे लगा। दिन में तापमान सामान्य स्तर पर आ गया। अधिकतम तापमान गुरुवार के स्तर पर रहकर 0.1 की बेहद अंतर के साथ 32.8 डिग्री दर्ज किया गया, यह सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक रहा।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 24 से 48 घंटों में तापमान इसी स्तर के आसपास रहेगा। न्यूनतम तापमान में ज्यादा गिरावट की उम्मीद नहीं है। हालांकि रविवार या सोमवार को कुछ इलाकों में हल्की बौछारें पड़ सकती है।
Published on:
16 Oct 2021 12:42 am
