
Crime
भोपाल। राजधानी भोपाल में एक होटल में 42 साल की एक विधवा महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक आरोपि ने महिला के साथ करीब एक घंटे तक जबर्दस्ती की। यही नहीं विरोध करने पर आरोपी महिला को बेरहमी से पीटता रहा। इससे महिला को काफी चोट आई है। फिलहाल महिला का एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। महिला मुंबई से अपने स्वर्गवासी पति की संपत्ति के विक्रय करने के लिए भोपाल आई थी।
स्वर्गवासी पति की संपत्ति बेचना चाहती थी महिला
जानकारी के मुताबिक मुंबई की रहने वाली इस महिला के पति की वर्ष 2019 में मृत्यु हो गई थी। उनके पति की मुंबई और उत्तर प्रदेश के हापुड़ में संपत्ति थी। जिन्हें वह बेचना चाहती थी। लेकिन महिला के ससुराल वालों ने हापुड़ की संपत्ति पर कब्जा कर रखा था। इसके लिए उसने अपने परिचित और अब आरोपी वकार सिद्दीकी से बात की। आरोपी वकार उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के पूरा मुक्ति का रहने वाला है। महिला से उसकी पहचान पति की मृत्यु के बाद 2019 में ही हुई थी। आरोपी वकार ने उसकी मुंबई संपत्ति को बिकवा दिया था। अब महिला अपनी यूपी की संपत्ति को बेचना चाहती थी। उसने इसे भी बिकवाने के लिए हामी भर दी थी।
किसी से मिलवाने भोपाल बुलाया, फिर टालता रहा
इसके लिए उसने 16 नवंबर को महिला को भोपाल बुलाया और कहा कि भोपाल में एक कारोबारी उनकी संपत्ति को खरीदना चाहता है और यूपी से वकार भी भोपाल आ गया। दोनों एमपी नगर जोन-2 के होटल ओएसिस में आकर अलग-अलग कमरे में रुके थे। लेकिन तीन दिन तक आरोपी ने महिला को किसी से नहीं मिलवाया। जब भी उससे इस बारे में बात करती तो वह बहाना बनाकर टाल रहा था।
बाद में मारपीट कर किया दुष्कर्म
पीडि़त महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी वकार ने 19 नवंबर को उसके कमरे में घुसकर उसके साथ अश्लील हरकत की, लेकिन महिला ने उसे धक्का देकर कमरे से बाहर कर दिया। उस वक्त तो आरोपी चला गया था। उसके बाद आरोपी दोबारा से 21 नवंबर की रात आठ बजे उसके कमरे में आ गया और उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश करने लगा। महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। कमरे में घसीट दिया और बलपूर्वक महिला से दुष्कर्म किया। इसके दौरान महिला को काफी चोट भी आई है। बाद में महिला ने थाने जाकर पूरा मामला पुलिस को बताया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं महिला फिलहाल अस्पताल में है, उसकी हालत बिगड़ी हुई है। उसका इलाज जारी है।
Updated on:
23 Nov 2022 04:42 pm
Published on:
23 Nov 2022 04:42 pm
