
Bijapur IED Blast: साल 2024 में मात खाए नक्सलियों ने साल 2025 की शुरुआत में ही फोर्स पर बड़ा हमला कर दिया। बीजापुर के कुटरू में अंबेली नाला के पास घात लगाए नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट करते हुए जवानों से भरी गाड़ी को उड़ा दिया। इस हमले में आठ डीआरजी और बस्तर फाइटर्स जवान समेत गाड़ी चला रहे ड्राइवर की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि सभी जवान रविवार को अबूझमाड़ में हुए ऑपरेशन से लौट रहे थे और सभी दंतेवाड़ा और बीजापुर के थे। दोपहर दो बजकर 15 मिनट पर विस्फोट किया गया। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और जवानों के कपड़े और शव के अंग पेड़ की टहनियों पर टंगे नजर आए। विस्फोट झेलने वाली गाड़ी को भी पहचान पाना मुश्किल था। गाड़ी के पाटर्स 25 फीट ऊंचाई पर पेड़ पर लटके दिख रहे थे। सडक़ पर 10 फीट का गड्ढा हो गया था।
बताया जा रहा है कि नक्सली यह जानते थे कि जवान किस रास्ते से ऑपरेशन निपटाकर लौटने वाले हैं। इससे पहले भी अबूझमाड़ में जब पिछले साल ऑपरेशन हुए तो जवान इसी रास्ते से लौटते रहे हैं। शहीद होने वाले जवान दंतेवाड़ा के थे और ज्वाइंट ऑपरेशन पूरा कर लौट रहे थे। नक्सलियों को पहले से पता था कि किस जगह पर हैवी आईईडी प्लांट है और उसी का उपयोग करते हुए उन्हें लंबे वायर को जोड़ते हुए ब्लास्ट किया।
नक्सलियों ने मेन रोड पर ब्लास्ट किया और जिस जगह पर ब्लास्ट हुआ वहां से 200 मीटर दूर पेड़ पर चढक़र नक्सलियों ने आईईडी के वायर को जोड़ा। बस्तर में जब भी नक्सली रोड पर आईईडी ब्लास्ट करते हैं तो वे इसी तकनीक का इस्तेमाल करते हैं। पेड़ पर चढ़े होने से गाड़ी का मूवमेंट स्पष्ट दिखता है और जैसे ही गाड़ी आईईडी की जद में आती है वायर जोड़ दिया जाता है।
शनिवार देर रात अबूझमाड़ के जंगल में मुठभेड़ में एक डीआरजी जवान प्रधान आरक्षक सन्नू कारम शहीद हो गया था। वहीं जवानों ने एक महिला नक्सली समेत 5 नक्सलियों को मार गिराया था। इसी मुठभेड़ से बौखलाए नक्सलियों ने यह हमला किया है।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि विस्फोट में हमारे 8 जवान और एक ड्राइवर शहीद हुए हैं। मैं उनकी शहादत को नमन करता हूं। उनकी शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। जिस तरह से लगातार नक्सलियों को परास्त किया जा रहा है, उससे वे हताश हैं और ऐसी कायराना हरकतें कर रहे हैं। जल्द छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद का खात्मा होगा और यहां शांति बहाल होगी।
ज्वाइंट ऑपरेशन पार्टी ऑपरेशन पूरा कर वापस लौट रही थी। सोमवार दोपहर करीब सवा 2 बजे बीजापुर मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर अंबेली गांव के पास नक्सलियों ने ब्लास्ट किया। - पी. सुंदरराज, आईजी, बस्तर
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जवानों की शहादत को नमन करता हूं। उनकी शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। जिस तरह से लगातार नक्सलियों को परास्त किया जा रहा है, उससे वे हताश हैं और ऐसी कायराना हरकतें कर रहे हैं। जल्द छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद का खात्मा होगा और यहां शांति बहाल होगी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कहा कि बीजापुर में आईईडी ब्लास्ट में डीआरजी के जवानों को खोने की सूचना से अत्यंत दुखी हूं। वीर जवानों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। इस दुख को शब्दों में व्यक्त कर पाना असंभव है, लेकिन मैं विश्वास दिलाता हूँ कि हमारे जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। हम मार्च 2026 तक भारत की भूमि से नक्सलवाद को समाप्त करके ही रहेंगे।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और घायल जवानों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। आतंक और हिंसा के खिलाफ पूरा देश एकजुट है। जवानों की शहादत में वृद्धि के कारण राष्ट्रीय सुरक्षा को मेंटेन रखने की सरकार की क्षमता को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
बीजापुर में सुरक्षा बलों पर हुआ नक्सली हमला निन्दनीय है। देश की सुरक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों के शोक-संतप्त परिवारजनों के प्रति मैं गहन संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। हमारा देश नक्सलवाद को समूल समाप्त करने के लिए संकल्पबद्ध है। - द्रौपदी मुर्मु, राष्ट्रपति
दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय में आज श्रद्धांजलि कार्यक्रम रखा गया है, जहां छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देंगे। कार्यक्रम के मुताबिक सीएम साय 10.50 बजे दंतेवाड़ा पहुंचेंगे और शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देंगे।
Updated on:
07 Jan 2025 08:56 am
Published on:
07 Jan 2025 08:55 am
बड़ी खबरें
View Allबीजापुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
