
राजू पुजारी मौत मामला (photo source- Patrika)
Teacher Death Case: चेरपाल निवासी और प्राथमिक शाला पालनार में पदस्थ शिक्षक राजू पुजारी की संदिग्ध मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर बुधवार को जिले में व्यापक प्रदर्शन हुआ। तेलंगा समाज के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन को सर्व आदिवासी समाज, महार, महारा और कलार समाज का समर्थन मिला, जिससे यह रैली विशाल जनसमूह में तब्दील हो गई।
प्रदर्शन में करीब 5 हजार से अधिक ग्रामीण शामिल हुए। मिनी स्टेडियम से शुरू हुई रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान न्याय की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की गई और प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया गया।
समाज के प्रतिनिधियों ने मामले की न्यायिक जांच कराने, जिला पुलिस अधीक्षक की सीधी निगरानी में जांच सुनिश्चित करने तथा दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा और एक सदस्य को शासकीय नौकरी देने की मांग भी रखी गई।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को एक सप्ताह का समय देते हुए चेतावनी दी कि यदि इस अवधि में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों के लिए शासन-प्रशासन जिम्मेदार होगा।
प्रदर्शन में तेलंगा समाज के अध्यक्ष आदिनारायण पुजारी, दिनेश पुजारी, सर्व आदिवासी समाज के सचिव कमलेश पैंकरा, महार समाज के अध्यक्ष अजय दुर्गम, कलार समाज के गौतम राव, अमित कोरसा, कामेश्वर दुब्बा, बी.आर. अमान, सुरेश परतागिरी, सन्नू हेमला, ईश्वरलाल सोनी, रैमनदास झाड़ी, कैलाश रामटेके, सतीश झाड़ी, मंगल रोटेल, सुबोध पुजारी, पुरुषोत्तम कुड़मुल, पुरुषोत्तम सल्लूर, विजय झाड़ी, कृष्णा बोल्ली, राम सिंह वार्गेम, पिलूराम पुजारी, तिरुपति लिंगम, अनीता मद्देड़, अनीता पुजारी, बसंती लिंगम, पीलूराम पुजारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि राजू पुजारी की मौत के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली संदिग्ध है। उनका कहना है कि जब्त सुसाइड नोट में तीन लोगों के नाम सामने आने के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है, जिससे जांच की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
Updated on:
07 May 2026 12:41 pm
Published on:
07 May 2026 12:41 pm
बड़ी खबरें
View Allबीजापुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
