
इनकी प्रतिमा की स्थापना करने पर आमने-सामने आए दो पक्ष, भारी पुलिस बल तैनात
बिजनौर। जनपद के स्योहारा थाना क्षेत्र के ग्राम बेरखेड़ा में कुएं पर बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा रखने को लेकर एक समुदाय के लोगों द्वारा एतराज उठाने पर तनाव फैल गया। वहीं पुलिस ने मूर्ति हटवाकर मामले को किसी तरह शांत करने का प्रयास किया। इसके बावजूद भी दलित समाज के लोगों में रोष व्याप्त है। गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया गया है।
बताया गया है कि ग्राम बरखेड़ा में तीन कुएं थे। जिसमें से एक कुआं मुस्लिम समाज के लोगों ने पाटकर कब्जे में ले लिया, जबकि एक कुएं को स्वर्ण जाति के लोगों ने पाट लिया। एक कुआं दलितों की बस्ती में आ रहा है। जिसे दलितों ने 15 दिन पहले पाट लिया और शनिवार की रात्रि में उस पर भीमराव अंबेडकर की मूर्ति लगा दी।
दलितों का आरोप है कि रात्रि में ग्राम प्रधान ने लात मारकर मूर्ति तोड़ दी। जिसको लेकर दलितों में रोष व्याप्त हो गया। वहीं रविवार को एक बार फिर से दलित समाज के लोगों ने कुएं पर मूर्ति रखने का प्रयास किया। जिसका दूसरे समुदाय के लोगों ने विरोध किया। जिसको लेकर गांव में तनाव फैल गया। दलित समाज के सोनू और अमित का कहना है कि जब दो कुएं पर मुस्लिम और स्वर्ण ने कब्ज़ा कर रखा है तो दलित समाज की बस्ती पर इस कुएं पर भीम राव अम्बेडकर की मूर्ती रखने पर एतराज क्यों उठाया जा रहा है।
दूसरे समुदाय के ग्राम प्रधान फईम और अन्य ग्रामीणों का कहना है कि दलित समाज के लोग मूर्ती लगा कर नई प्रथा को लागू कर रहे हैं। स्योहारा थाना क्षेत्र के इंस्पेक्टर अरिहंत कुमार ने बताया कि मूर्ति को लेकर दो पक्षों में हल्की कहासुनी हुई थी। जिसके बाद गांव में हल्का तनाव देखते हुए पुलिस को तैनात कर दिया गया है।
Updated on:
11 Nov 2018, 3:37 PM IST
Published on:
11 Nov 2018, 3:37 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.