30 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान की इन अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी, न्याय के मंदिर में खौफ का तांडव सुन मचा हड़कंप, छावनी बना परिसर

बीकानेर में कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने तुरंत परिसर को घेरे में लेकर खाली कराना शुरू किया। बार एसोसिएशन अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित ने अधिवक्ताओं और कर्मचारियों से सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है।

3 min read
Google source verification
Bikaner Court Bomb Threat Sparks Panic Complex Evacuated Security Tightened
Play video

बीकानेर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी (फोटो- पत्रिका)

Bikaner Court Bomb Threat: राजस्थान के बीकानेर जिले से इस वक्त की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। बीकानेर कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे शहर में हड़कंप मच गया है। इस सूचना के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया और पूरे कोर्ट परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है।

जैसे ही बम की सूचना मिली, एहतियातन कोर्ट परिसर को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। पुलिस के उच्चाधिकारियों के निर्देश पर भारी पुलिस जाब्ता मौके पर तैनात किया गया है। डॉग स्क्वॉयड और बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया है, जो परिसर के कोने-कोने की बारीकी से तलाशी ले रहे हैं। न्यायिक कार्यों को रोक दिया गया है और पक्षकारों सहित सभी कर्मचारियों को बाहर निकाला गया है।

बार एसोसिएशन अध्यक्ष की भावुक अपील

बीकानेर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित ने इस गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी अधिवक्ताओं और आम जनता से सुरक्षित स्थानों पर रहने का आह्वान किया है। उन्होंने पुलिस के आला अधिकारियों से संपर्क कर स्थिति की गंभीरता से अवगत कराया।

अजय पुरोहित ने जारी किया संदेश

'सभी अधिवक्तागणों, पक्षकारों एवं न्यायिक कर्मचारियों को सूचित किया जाता है कि तुरंत प्रभाव से अदालत परिसर को छोड़कर सुरक्षित स्थान पर चले जाएं। कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है, ऐसे में सुरक्षा के मद्देनजर यह कदम उठाना अति आवश्यक है। जो अधिवक्ता अभी तक परिसर नहीं पहुंचे हैं, वे अपने घरों में ही सुरक्षित रहें।'

पुलिस की कार्रवाई और जांच

पुलिस धमकी के स्रोत का पता लगाने में जुटी है कि यह कॉल या संदेश कहां से आया है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यह केवल एक 'होक्स कॉल' (अफवाह) है या वास्तविक खतरा, लेकिन प्रशासन कोई भी जोखिम लेने के मूड में नहीं है। आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर दी गई है और संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है।

मेड़ता सिटी (नागौर) में हड़कंप

नागौर जिले के मेड़ता स्थित जिला एवं सेशन न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से गुरुवार को प्रशासन और पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। धमकी न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजी गई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं।

ई-मेल से दी गई धमकी

न्यायालय की ई-मेल आईडी पर ajitham_kudumba@outlook.com से भेजे गए संदेश में दावा किया गया कि दोपहर 2 बजे कोर्ट परिसर को 14 साइनाइड बमों से उड़ा दिया जाएगा। साथ ही सुबह 11 बजे तक सभी न्यायाधीशों को सुरक्षित बाहर निकालने की चेतावनी भी दी गई।

प्रशासन और पुलिस सक्रिय

धमकी मिलते ही जिला एवं सेशन न्यायालय प्रशासन ने तुरंत नागौर पुलिस अधीक्षक और जिला कलेक्टर को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मेड़ता पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और नगरपालिका की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

पुलिस ने कोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। साइबर टीम ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

बम की धमकी से हड़कंप

राजस्थान में न्यायपालिका के परिसरों को निशाना बनाते हुए सिलसिलेवार धमकी भरे संदेशों से दहशत का माहौल है। जोधपुर ग्रामीण जिला एवं सत्र न्यायालय (DJ Court) को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा के लिहाज से कोर्ट की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई और बम निरोधक दस्ते ने पूरे परिसर की सघन तलाशी ली।

इसी तरह का मामला जयपुर में भी सामने आया, जहां सिविल कोर्ट के लिए सेशन कोर्ट के रजिस्ट्रार को एक धमकी भरा ईमेल भेजा गया। प्रशासनिक विभाग की सूचना पर पुलिस और बम निरोधक टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

गौरतलब है कि बीकानेर और जोधपुर के साथ-साथ जयपुर हाईकोर्ट को भी पूर्व में ऐसे फर्जी मेल मिल चुके हैं। हालांकि, पिछला अनुभव 'होक्स' (अफवाह) रहा है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरत रही हैं और चप्पे-चप्पे पर तलाशी जारी है।