
nagaur news
महाजन. राजमार्ग 15 पर कंवरसेन लिफ्ट नहर की मोखमपुरा की ओर पुलिया से एक बाइक टकराने पर एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक अन्य गम्भीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार सूरतगढ़ क्षेत्र का सिंगरासर निवासी सुरेश भादू पुत्र रामेश्वरलाल जाट अपने साथी ठुकराना निवासी सुदेश के साथ मोटरसाइकिल पर लूणकरणसर की ओर जा रहा था। महाजन से निकलने पर अचानक अनियंत्रित होकर मोटरसाइकिल नहर की पुलिया से टकरा गई।
हादसे में युवक सुरेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं उसके साथी सुदेश के गम्भीर चोट आई। हादसे की सूचना मिलने पर महाजन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को महाजन अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया व घायल युवक को अस्पताल में भर्ती करवाया। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद 108 एम्बुलेंस की मदद से बीकानेर पीबीएम अस्पताल में रेफर कर दिया। परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
संदिग्ध परिस्थिति में विवाहिता की मौत
सूडसर. सेरूणा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। परिजन उसे बीकानेर पीबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। सोमवार को मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाया कर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। सेरूणा थानाधिकारी श्यामसुंदर ने बताया कि मृतका के पिता भंवरलाल भार्गव निवासी चाड़वास ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि उसकी पुत्री ममता की शादी पांच वर्ष पूर्व सेरूणा निवासी नवरतन भार्गव के साथ हुई थी। करीब डेढ़-दो महीने पूर्व सेरूणा निवासी हरीराम शर्मा का भानजा उसकी पुत्री के घर में घुस आया।
आरोपित ने उसकी पुत्री के साथ जबर्दस्ती करने की कोशिश की। इस दौरान आरोपित का मोबाइल पीडि़ता के घर में गिर गया। उसे बाद में इसी गांव के भंवरलाल गोदारा ने पंचायती कर पीडि़ता के घर से मोबाइल हासिल कर लिया। परिवादी ने आरोप लगाया कि हरीराम का भानजा, भंवरलाल गोदारा व दो.तीन अन्य उसकी पुत्री को फोन कर परेशान करते थे और बार बार उसकी पुत्री को जान से मारने की धमकी देते रहे और इससे वो परेशान रहने लगी।
Published on:
18 Jul 2018 08:37 am
