
teachers counseling
राजस्थान लोक सेवा आयोग की भर्ती परीक्षा 2015 से चयनित 2059 राजनीति विज्ञान विषय के व्याख्याताओं की काउंसलिंग 9 जून से 13 जून तक होगी। माध्यमिक शिक्षा निदेशक नथमल डिडेल ने बताया कि काउंसलिंग राजकीय सादुल स्पोट्र्स स्कूल के प्रांगण में होगी।
इसके लिए 14 कार्मिकों को जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने बताया कि विभाग ने चयनित अभ्यर्थियों तथा रिक्त पदों की सूची के आधार पर अभ्यर्थी इच्छित स्थान चुन सकेंगे।
लगेगी बड़ी स्क्रीन
काउंसलिंग स्थल पर रिक्त पदों को प्रदर्शित करने के लिए बड़ी स्क्रीन लगाई जाएगी तथा अभ्यर्थियों की जारी वरीयता सूची के अनुसार स्कूल चयन करने का विकल्प अभ्यर्थियों को दिया जाएगा।
डिडेल ने बताया कि प्राथमिकता वर्ग में दिव्यांग, विधवा, परित्यक्ता, एकल महिला, सामान्य महिला, भूतपूर्व सैनिकों को रिक्त पदों में से स्थान चुनने की प्राथमिकता दी जाएगी। इसके बाद सामान्य अभ्यर्थी शेष रहे पदों में से अपने स्थान चुन सकेंगे।
पंजीयन आठ बजे से
काउंसलिंग के लिए पंजीयन सुबह आठ से 9:30 बजे से होगा। इजहार अहमद खां प्रधानाचार्य राजकीय सादुल स्पोट्र्स स्कूल को नियंत्रक बनाया गया है। निदेशालय के सहायक निदेशक कृष्ण कांत अत्रे को काउंसलिंग कमेटी का प्रभारी बनाया गया है।
यह रहेगा कार्यक्रम
माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने राजनीति विज्ञान के 2059 चयनित अभ्यर्थियों के विरुद्ध 2160 रिक्त पदों की सूची जारी की है। इन चयनित अभ्यर्थियों की काउंसलिंग वरीयता सूची के अनुसार होगी।
9 जून को वरीयता सूची के 1 से 400 तक के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग होगी। 12 जून तक रोजाना 400-400 अभ्यर्थियों की काउंसलिंग का कार्यक्रम है, जबकि अंतिम दिन 13 जून को शेष 459 अभ्यर्थियों की काउंसलिंग होगी।
अंग्रेजी के व्याख्याताओं की काउंसलिंग भी शीघ्र
माध्यमिक शिक्षा निदेशालय को आरपीएससी से अंग्रेजी विषय के चयनित 794 अभ्यर्थियों की अभिस्तावना व आवेदन पत्र मिले हैं। माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने इन अभ्यर्थियों से 8 जून तक निर्धारित प्रपत्र में सूचना मांगी है।
इसके बाद काउंसलिंग की वरीयता सूची जारी की जाएगी। सूत्रों ने बताया कि अंग्रेजी के चयनित अभ्यर्थियों की वरीयता व रिक्त पदों की सूची तथा काउंसलिंग की तिथियां शीघ्र घोषित की जाएंगी।
Published on:
08 Jun 2017 08:51 am
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
