16 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जल्दी लौटेंगे कह कर निकले लेकिन किसे पता था कि अब कभी नहीं लौटेंगे ये दो बेटे

टोकला गांव के सार्वजनिक तालाब में डूबने से दो बालकों की मौत हो गई।

2 min read
Google source verification
death by drowning

death by drowning

बीकानेर/कोलायत. तहसील के टोकला गांव के सार्वजनिक तालाब (नाड़ी) में डूबने से दो बालकों की मौत हो गई। घटना रविवार सुबह करीब ११ बजे की है, लेकिन पुलिस को दोपहर बाद इसका पता चला। तब तक परिजनों ने दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया।
कोलायत एसएचओ जगदीश ने बताया कि टोकला निवासी राहुल (१२) पुत्र देवीसिंह और मुनीष (९) पुत्र मोडाराम सुथार सुबह घर से खेलने के लिए निकले।

तभी दोनों बालक तालाब पर नहाने चले गए। नहाने के दौरान मुनीष गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख राहुल ने उसे बचाने की कोशिश की। इससे दोनों ही बालक डूब गए। करीब सवा ग्यारह बजे गांव के कुछ लोग तालाब के पास से गुजरे तो घटना का पता चला। ग्रामीणों को बालकों के शव तैरते दिखे। उन्होंने बालकों को तुरंत बाहर निकाला और स्वास्थ्य केन्द्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। परिजन शव पोस्टमार्टम कराए बिना गांव ले गए और शाम को अंतिम संस्कार कर दिया गया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
दो बालकों के तालाब में डूबने की खबर से गांव में शोक की लहर छा गई। जिसे भी घटना का पता चला, वे उनके घर परिजनों को ढांढस बंधाने पहुंच गया। दोनों बालकों के घरों में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

जल्दी आने की कहकर गए थे
ग्रामीणों के मुताबिक राहुल और मुनीष दोनों दोस्त थे। हर समय साथ रहते थे। खेलना और पढ़ाई साथ ही करते थे। दोनों पढ़ाई में होशियार थे और मोहल्ले व परिवार वालों के चहेते थे। दोनों सुबह अपनी मां को जल्दी आने की कहकर गए थे, लेकिन मां इंतजार करती ही रह गई। वे दोनों तो नहीं आए, उनकी मौत की खबर आ गई।

आरोपित को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा
छत्तरगढ़. पुलिस थाना अन्तर्गत राणावाला गांव की नाबालिग बच्ची से हुए दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने रविवार को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। थानाधिकारी विकास बिश्नोई ने बताया कि दुष्कर्म के आरोपी महेन्द्र जाट को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में बीकानेर जेल भेज दिया गया है।