
Fake transgender
बीकानेर. राणीसर बास में बुधवार सुबह एक युवक महिला के कपड़े पहनकर एक घर में बधाई मांगने पहुंच गया। बधाई मिलने से पहले ही उसकी नकली किन्नर बनने की पोल खुल गई और पकड़ा गया। बाद में किन्नर समाज की मुस्कान अग्रवाल ने पहुंच कर युवक को समझाया और शपथ दिलाई कि वह भविष्य में नकली किन्नर बनकर आमजन को नहीं ठगेगा। हुआ यूं कि महिला के वस्त्र पहने एक युवक सुबह राणीसर बास के एक घर में पहुंच गया।
वह खुद को किन्नर बता घरवालों से मोटी रकम की मांगने लगा। घरवालों ने उसे कुछ रुपए, मिठाई व कपड़े दे दिए, फिर भी वह परेशान करने लगा। इस पर घरवालों ने किन्नर समाज की मुस्कान को फोन किया। वह तुरंत मौके पर पहुंच गई। उसने जांच-पड़ताल की तो युवक की हकीकत सामने आ गई। मुस्कान ने उसके महिलाओं वाले कपड़े उतरवा दिए तथा फटकार लगाई। युवक से कान पकड़वा कर उठक-बैठक भी लगवाई।
कर रहे बदनाम
मुस्कान ने कहा कि वास्तविक किन्नर कभी भी जजमान को परेशान नहीं करते। जजमान खुशी से जो देते हैं, वह लेकर चले जाते हैं। पिछले दो-तीन साल से कुछ लोग किन्नर का वेश धारण कर घरों में बधाई लेने पहुंच जाते हैं और परेशान करते हैं, जिससे वास्तविक किन्नर बदनाम हो रहे हैं। उधर, दो दिन पहले भी मुक्ताप्रसाद नगर के सेक्टर चार में एक युवक पकड़ा गया था।
Updated on:
11 Oct 2018 08:51 am
Published on:
11 Oct 2018 08:51 am
