2 सितंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बीकानेर शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के साथ मारपीट, कुर्ता फाड़ा; सामने आया वीडियो

Madan Gopal Meghwal: बीकानेर शहर के वार्ड नंबर 50 में कांग्रेस प्रत्याशी नवरत्न डागा के कार्यालय उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के साथ कथित मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया है।
2 min read
Google source verification
Madan Gopal Meghwal-1

बीकानेर शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के साथ मारपीट। फोटो: पत्रिका

बीकानेर। नगर निगम चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों के टिकट और सिंबल को लेकर चल रहा विवाद बुधवार को सड़क पर आ गया। शहर के वार्ड नंबर 50 में कांग्रेस प्रत्याशी नवरत्न डागा के कार्यालय उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान बीकानेर शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के साथ कथित मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया है। इस दौरान कार्यकर्ता ‘टिकट चोर, टिकट चोर’ के नारे लगाते रहे। घटना से कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। विवाद की सूचना मिलते ही पूर्व मंत्री बी.डी. कल्ला भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।

जानकारी के अनुसार नगर निगम चुनाव में कांग्रेस की ओर से प्रत्याशियों को सिंबल जारी करने को लेकर विवाद चल रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की ओर से जिन प्रत्याशियों के नाम तय कर सिंबल जारी किए गए थे, उनमें बाद में फेरबदल किया गया। आरोप है कि शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मदनलाल गोपाल मेघवाल ने कथित तौर पर अपने पसंदीदा प्रत्याशियों को डुप्लीकेट सिंबल जारी करवा दिए।

चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के दौरान हुई घटना

जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 50 में कांग्रेस प्रत्याशी नवरत्न डागा के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान बीकानेर शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के साथ मारपीट की घटना हुई। मदन गोपाल मेघवाल ने आरोप लगाया कि दीपक अरोड़ा के बेटे ने उनके साथ बदसलूकी करते हुए मारपीट की। मेघवाल के मुताबिक आरोपी युवक ने उन्हें ‘अंकल’ कहकर एक तरफ बुलाया और इसके बाद उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। मदन गोपाल मेघवाल ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनका कुर्ता तक फाड़ दिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी युवक वार्ड नंबर 50 से कांग्रेस टिकट का दावेदार भी था। मेघवाल के अनुसार युवक ने एक दिन पहले ही पार्टी प्रत्याशी को समर्थन देने की बात कही थी, लेकिन अगले ही दिन कार्यालय उद्घाटन कार्यक्रम में उनके साथ इस तरह की घटना हो गई।

सिंबल विवाद के बाद बढ़ा आक्रोश

डुप्लीकेट सिंबल जारी होने की जानकारी सामने आने के बाद से ही कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता मेघवाल के खिलाफ विरोध जता रहे थे। बुधवार को वार्ड 50 में प्रत्याशी नवरतन डागा के कार्यालय उद्घाटन के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान विरोध कर रहे कार्यकर्ता वहां पहुंच गए और मेघवाल के साथ धक्का-मुक्की व मारपीट शुरू कर दी। कार्यकर्ता लगातार ‘टिकट चोर’ के नारे लगाते रहे। घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश और गहरा गया। वहीं, टिकट वितरण और सिंबल को लेकर पार्टी के भीतर चल रहा विवाद खुलकर सामने आने से चुनावी माहौल भी गरमा गया है।

पार्टी के सामने चुनौती

नगर निगम चुनाव से पहले टिकट और सिंबल को लेकर सामने आए विवाद ने कांग्रेस संगठन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कार्यकर्ताओं के बीच असंतोष अब विरोध और मारपीट तक पहुंच गया है। ऐसे में पार्टी नेतृत्व के सामने कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने और विवाद को शांत कराने की चुनौती खड़ी हो गई है।