
धर्म ध्वजारोहण से कोलायत मेले का आगाज, पंच स्नान शुरू
श्रीकोलायत. श्रीकोलायत मेले का आगाज शुक्रवार को धर्म ध्वजारोहण से हुआ। इसके साथ कपिल सरोवर में पांच दिवसीय तीर्थ स्नान भी शुरू हो गया है। शुक्रवार को महेंद्रसिंह सर्किल से कपिल सरोवर के मुख्य घाट तक साधु-संतों ने शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा में शंखनाद, ढोल-नगाड़े, बांकिया, वाद्य यंत्र आदि के बीच से कपिल मुनि, भगवान विष्णु व दत्तात्रेय के जयकारे लगाते संत महात्मा एवं श्रद्धालु जुलूस के रूप में कपिल सरोवर के मुख्य घाट पहुंचे। जहां धर्म ध्वजा का मंत्रोच्चार के साथ पूजन किया गया।
इसके बाद पंच दशनाम आह्वान अखाड़ा के श्रीमहंत सोमगिरि महाराज व श्रीकोलायत सरपंच देवीसिंह रावलोत ने संयुक्त रूप से धर्म ध्वजारोहण कर मेले का आगाज किया। पुजारी मनोज कुमार ने शंखनाद किया। इसके बाद कपिल मुनि व दत्तात्रेय की चरण पादुका की जयकारों के साथ परिक्रमा की।इस अवसर पर विकास अधिकारी दिनेश सिंह भाटी, थानाधिकारी विकास बिश्नोई, राजस्व तहसीलदार हनुमान दान देवल, किशोर सिंह राठौड़ सहित विभिन्न संप्रदायों के संत एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
तुलसी विवाह हुए संपन्न
सनातन संस्कृति के अनुसार देवउठनी एकादशी को तुलसी विवाह देव मंदिर में समारोह पूर्वक संपन्न हुए। इसके साथ गत चार माह से प्रतिबंधित शादी विवाह एवं शुभ कार्य अब शुरू हो गए हैं। पंडितों ने तुलसी व सालगराम की विवाह रस्में पूर्ण करवाई तथा तुलसी को बेटी की तरह विदाई दी गई। इस अवसर पर विदाई गीत पर लोग भावुक हो उठे।
दीपदान आज से शुरू
देवउठनी एकादशी के अवसर पर तुलसी तेला व पंचभीखा करने वाली महिलाओं व लड़कियों ने कपिल सरोवर सहित एवं मंदिरों में दीपदान किया ।
मेले से पूर्व हुई घाटों की सफाई
उपखंड अधिकारी प्रदीप कुमार चाहर के नेतृत्व में मेले से पूर्व सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर घाटों की सफाई की ताकि आने वाले श्रद्धालु सुरक्षित तीर्थ स्नान कर सके ।
प्लास्टिक मुक्त रहेगा श्रीकोलायत
कोलायत पंचायत समिति के विकास अधिकारी दिनेश सिंह भाटी और व्यापार मंडल अध्यक्ष गणेशमल पंचारिया ने बताया कि इस मेले में प्लास्टिक का बहिष्कार कर कोलायत को प्लास्टिक मुक्त रखा जा सके और पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सके।
Published on:
09 Nov 2019 06:38 am
