1 अगस्त 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajasthan: दिन में बाइक पर करता रेकी, रात को सरिए से तोड़ता ताला, वारदातों को अकेले अंजाम देने वाला शातिर चोर गिरफ्तार

Theft Arrested In Nokha: बीकानेर के नोखा में दुकानों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले शातिर चोर को पुलिस ने 48 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी दिन में बाइक से दुकानों की रेकी करता था और रात में सरिए से ताले तोड़कर अकेले वारदातों को अंजाम देता था।
2 min read
Google source verification
Nokha Theft Arrested

पुलिस गिरफ्त में आरोपी (फोटो: पत्रिका)

बीकानेर जिले के नोखा शहर आधा दर्जन दुकानों में हुई चोरियों की वारदातों का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए शातिर चोर खुमाराम पुत्र धर्माराम जाट निवासी साधासर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में नोखा सहित बीकानेर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में करीब एक दर्जन चोरी और नकबजनी की वारदातें करना स्वीकार किया है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी सात प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस उससे पूछताछ कर अन्य वारदातों का खुलासा करने में जुटी है। थानाधिकारी गोविंद सिंह चारण के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने कार्रवाई कर आरोपी को गंगापुरा कोलायत से गिरफ्तार किया।

एक ही रात में कई दुकानों को बनाया था निशाना

चोर ने नोखा के घंटाघर, लखारा चौक और आसपास के बाजार में कई दुकानों के ताले तोड़ दिए थे। घंटाघर स्थित मनोज कुमार-महेश कुमार की किराना दुकान से करीब डेढ़ लाख रुपए चोरी कर लिए गए। इसके अलावा नोखा स्टेशनरी एजेंसी, ताराचंद बैद की दुकान, सुखी सब्जी भंडार और अन्य दुकानों को भी निशाना बनाया। एक दुकान से गोशाला व मंदिर की दान पेटियां तक उठा ले गया, जबकि कुछ दुकानों से नकदी और सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद व्यापारियों ने थाने पहुंचकर विरोध जताया था।

100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली

वृत्ताधिकारी जनरैल सिंह ने बताया कि वारदात के बाद पुलिस ने तुरंत विशेष टीम का गठन कर जांच शुरू की। बाजार और आसपास लगे सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में एक संदिग्ध युवक लोहे की सरिया लेकर दुकानों के ताले तोड़ते हुए दिखाई दिया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से उसकी पहचान कर पुलिस ने दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया।

अकेले देता था वारदात को अंजाम

वृत्ताधिकारी ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिन में मोटरसाइकिल पर बाजारों में घूमकर बंद दुकानों और सुनसान स्थानों की रेकी करता था। रात होने पर वह अकेले ही सरिया की मदद से ताले तोड़कर नकदी चोरी कर फरार हो जाता था। पुलिस के अनुसार आरोपी मुख्य रूप से व्यापारिक प्रतिष्ठानों और किराना दुकानों को ही निशाना बनाता था।

कई वारदातें कबूली

थानाधिकारी गोविंदसिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने नोखा की वारदातों के अलावा नापासर थाना क्षेत्र में चार तथा मुक्ताप्रसाद थाना क्षेत्र में राजाराम धारणिया एजेंसी से पांच लाख रुपए से अधिक की नकदी चोरी सहित बीकानेर जिले में करीब एक दर्जन वारदातें करना स्वीकार किया है। उन्होंने बताया कि विस्तृत पूछताछ में जिले के अन्य क्षेत्रों की चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है। पुलिस अब आरोपी से चोरी गई नकदी और सामान की बरामदगी के साथ-साथ अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

टीम को मिलेगा रिवॉर्ड

पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करने वाली टीम की सराहना करते हुए उसे रिवॉर्ड देने की घोषणा की है। कार्रवाई में थानाधिकारी गोविंद सिंह चारण, सब-इंस्पेक्टर ताराचंद सुथार, हेड कांस्टेबल सतीश मुंड, हेड कांस्टेबल रामेश्वरलाल धूधवाल, कांस्टेबल तेजाराम तथा कांस्टेबल गणेश गुर्जर की विशेष भूमिका रही।