लूणकरनसर. कस्बे की नई अनाज मण्डी से ग्वार से भरा ट्रक चोरी होने के मामले को लेकर गिरफ्तारी नहीं होने के मुद्दे को लेकर मंगलवार को मण्डी बंद रही तथा बड़ी तादाद में व्यापारियों व पल्लेदारों ने मण्डी के मुख्य गेट पर ताला लगाकर व्यापार मण्डल के पूर्व अध्यक्ष मनीराम लेघा की अध्यक्षता में धरना देकर विरोध प्रदर्शन कर रोष जताया।
व्यापार मण्डल उपाध्यक्ष विनोद चौपड़ा ने कहा कि मंडी से ग्वार से भरे ट्रक चोरी की वारदात को 10 दिन से ज्यादा वक्त हो गया है लेकिन पुलिस को आरोपियों का पता चलने के बावजूद गिरफ्तारी करने से बच रही है। कृषि मण्डी के पूर्व निदेशक ओम पारीक, गोटा संघ अध्यक्ष हरीराम लेघा, व्यापार मण्डल गोशाला अध्यक्ष राजाराम धतरवाल, राजाराम जाखड़, इतिहास गौड़, युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव डॉ. राजेन्द्र मूण्ड, महेन्द्र सारस्वत आदि ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी करने व माल बरामद करने की मांग उठाई।
प्रतिनिधिमण्डल आईजी पांडे से मिला
मामले को लेकर मंगलवार को व्यापार मंडल अध्यक्ष गोविन्दराम गोदारा, पूर्व अध्यक्ष छतमल बरडिय़ा, सांवतराम पचार व जुगलकिशोर बोथरा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमण्डल ने बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. विपिन कुमार पाण्डे से मिलकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई।
मौके पर आईजी पाण्डे ने लूणकरनसर सीआई अशोक कुमार बिश्नोई से बात कर सकारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। उधर, व्यापारियों ने पुलिस के आगामी तीन-चार दिनों में कार्रवाई के आश्वासन पर एकबारगी मण्डी बंद के आंदोलन को स्थगित कर दिया तथा आगामी निर्णय को लेकर बुधवार को भी व्यापार मंडल में आमसभा बुलाई है।