
बीकानेर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने बीकानेर के मेडिकल कॉलेज ग्राउंड में कहा कि प्रदेश में हमारी सरकारी बनने पर किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। भाजपा ने युवाओं के हाथों में हथकड़ी लगा दी है। उसे खोलेंगे और युवाओं को उद्योग लगाकर रोजगार मुहैया कराएंगे।
रैली में उमड़ी अच्छी भीड़ से उत्साहित राहुल गांधी ने कहा कि प्रदेश में उनके सीएम और मंत्री के दरवाजे जनता के लिए हमेशा खुले रहेंगे। दूसरा दरवाजा कांग्रेस कार्यकर्ता के लिए खुला रहेगा। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी को घमंड हो गया है कि वो देश चला रहे है। जबकि देश को मोदी नहीं, किसान चला रहा है। किसान की बदौलत आज अमेरिका और चीन के मुकाबला करने की स्थिति में पहुंचा है।
राहुल गांधी ने अपने 22 मिनट के भाषण में बार-बार नरेन्द्र मोदी और अम्बानी का नाम लिया। उन्होंने अपनी पिछली सभाओं की तरह राफेल, गुजरात में उत्तर भारतीयों को खदेडऩे, किसानों की कर्जमाफी और युवाओं को रोजगार जैसे मुद्दों को दोहराया। उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर हमला करते हुए कहा कि गौरव यात्रा के खर्च पर कोर्ट ने रोक लगाई। भाजपा मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे तो जनता के पैसे से अपनी पार्टी का प्रचार करने निकली थी।
प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बन रही है। हमार सीएम मन की बात नहीं करेगा, जनता के मन की बात सुनेगा। भाजपा ने किसानों का कर्ज माफ नहीं किया, अम्बानी जैसे मोदी मित्रों की जेब में हजारों करोड़ रुपए डाल दिए। सभा में श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, बीकानेर और नागौर जिले के कांग्रेसी कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सीपी जोशी भी राहुल गांधी के साथ आए।
खरीदी मिठाई, याद किया भुजिया-पापड़
राहुल गांधी ने नाल एयरपोर्ट से मेडिकल कॉलेज ग्राउंड सभा स्थल जाते समय रास्ते में भुट्टों का चौराहा पर गाड़ी को रूकवाया। उन्होंने चौराहे पर दुकान से मिठाई खरीदी। बाद में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि राफेल डील में 30 हजार करोड़ अम्बानी की जेब में डाले गए। इस पैसे को बीकानेर के भुजिया-पापड़ और सिरेमिक उद्योग पर खर्च किया जाता तो यहां के लाखों युवाओं को रोजगार मिलता।
Published on:
10 Oct 2018 08:56 pm
